विद्युत लाइन में स्पार्किंग से गन्ने के खेत में लगी आग, 25 बीघा फसल जलकर राख

विद्युत लाइन में स्पार्किंग से गन्ने के खेत में लगी आग, 25 बीघा फसल जलकर राख

Published On

मीरापुर (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: थाना क्षेत्र के ग्राम सम्भलहेड़ा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में स्पार्किंग के बाद गन्ने की खड़ी फसल में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और किसान महेन्द्र पुत्र छोटन की करीब 25 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। किसान ने शासन-प्रशासन से जांच कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

ग्राम सम्भलहेड़ा निवासी किसान महेन्द्र के पास करीब 35 बीघा भूमि में गन्ने की फसल खड़ी है। किसान के अनुसार खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है। शुक्रवार करीब तीन बजे विद्युत तारों में अचानक स्पार्किंग हुई और चिंगारी खेत में गिरने से गन्ने की फसल में आग लग गई। घटना के समय किसान अपने घर पर था। आग लगने की जानकारी गुरतेज पुत्र बलबीर ने फोन कर किसान को दी।

सूचना मिलते ही किसान महेन्द्र तत्काल खेत की ओर दौड़ा। देखते ही देखते आग लगने की खबर पूरे गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान अपने ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों तथा मिट्टी की सहायता से आग को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। सैकड़ों ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग बुझा दी। हालांकि तब तक किसान की करीब 25 बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। किसान का कहना है कि फसल तैयार करने में कई महीने की मेहनत और लाखों रुपये की लागत लगी थी। फसल बर्बाद होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

किसान महेन्द्र ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइन के तार गन्ने की फसल से टकराते हुए गुजर रहे हैं। इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अवर अभियंता को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार अजय कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सम्भलहेड़ा चौकी प्रभारी मदनपाल सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। नायब तहसीलदार ने बताया कि किसान के अनुसार विद्युत तारों में चिंगारी उठने से आग लगी, जिससे करीब 25 बीघा गन्ने की फसल नष्ट हुई है। मौके पर लेखपाल और विद्युत विभाग के अधिकारियों को बुलाकर जांच कराई जा रही है।

वहीं उपखंड अधिकारी सतीश चन्द्र ने बताया कि संबंधित अवर अभियंता को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। विभागीय प्रावधानों के अनुसार किसान की हरसंभव मदद की जाएगी तथा मौके पर विद्युत लाइन से संबंधित जो भी समस्या सामने आएगी, उसका समाधान कराया जाएगा।

About The Author

Related Posts