शिक्षा और रोजगार
अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाला भूपेंद्र ढींगरा गिरफ्तार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर व्यूज, लाइक्स व फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया था पुलिस को गुमराह
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो पोस्ट करने के आरोपी भूपेंद्र ढींगरा को शामली पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने अंकित हत्याकांड के अगले दिन इंस्टाग्राम पर व्यूज, लाइक्स व फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए पुलिस को भ्रमित करने वाली पोस्ट शेयर की थी।
विगत 26 अगस्त को शामली में चार शूटरों ने हरियाणवी गायक अंकित बलियान की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्याकांड के पांच दिन बाद यानि 31 अगस्त को दो शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। अंकित हत्याकांड की विवेचना के दौरान पुलिस को भ्रमित करने एवं घटना की दिशा भटकाने के उद्देश्य से 27 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भूपेंद्र ढींगरा नामक व्यक्ति के द्वारा एक वीडियो प्रसारित की गई, जिसमें अंकित बलियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का फर्जी दावा किया गया था। जांच के प्रारम्भिक चरण में ही पुलिस ने इस दावे को झूठा पाया था। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर फर्जी एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में 02 अभियोग पंजीकृत करके आवश्यक कार्रवाई की गई थी।
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर मौजूद विभिन्न आपत्तिजनक पोस्ट व कंटेंट को टेकडाउन कराया गया था। पुलिस को जांच के दौरान जानकारी हुई कि भूपेंद्र ढींगरा मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम का निवासी है तथा वर्तमान में कर्नाटक के बेंगलुरु व मैसूर क्षेत्र में रहकर कार्य कर रहा है। वह हरियाणवी भाषा में गायकी एवं अभिनय का कार्य करता है तथा सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। पुलिस टीम के द्वारा उसकी गतिविधियों एवं मूवमेंट की जानकारी जुटाते हुए विगत मंगलवार को उसे राजस्थान के भरतपुर से हिरासत में लेकर शामली लाया गया।
पुरानी आईडी ब्लॉक हो जाने पर कम हो गए थे व्यूज व फॉलोअर्स
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी भूपेंद्र ढींगरा ने बताया कि पूर्व में उसकी सोशल मीडिया आईडी ब्लॉक हो गई थी, जिस कारण उसके फॉलोअर्स एवं व्यूज कम हो गए थे। इसके बाद, उसने अपने नाम से इंस्टाग्राम पर नई आईडी बनाई और अधिक व्यूज, लाइक्स एवं फॉलोअर्स प्राप्त करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लालच में अंकित बलियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी फर्जी वीडियो प्रसारित की। नई आईडी पर प्रारम्भ में 28 फॉलोअर्स थे, लेकिन अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली वीडियो प्रसारित होने के बाद फॉलोअर्स 7,500 हो गए। बुधवार को पुलिस ने पकड़े गए आरोपी भूपेंद्र ढींगरा का चालान करके उसे जेल भेज दिया है। साथ ही, वीडियो प्रसारित करने में इस्तेमाल किये गए मोबाइल को भी जब्त कर लिया है।
आमजन से शामली पुलिस की अपील
शामली पुलिस की आमजन से अपील है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना, पोस्ट अथवा वीडियो को बिना सत्यापन के सही न मानें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। विशेष रूप से आपराधिक घटनाओं से सम्बन्धित भ्रामक, फर्जी अथवा तथ्यहीन पोस्ट से बचें, क्योंकि ऐसी सामग्री से अनावश्यक भ्रम एवं अफवाह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। किसी घटना के सम्बन्ध में सही एवं प्रमाणित जानकारी के लिए केवल पुलिस तथा अधिकृत सोशल मीडिया हैंडल से जारी सूचना पर ही विश्वास करें। भ्रामक सूचना प्रसारित करने से बचें तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।