Bribe: भिवानी में 10 हजार की रिश्वत लेते फील्ड कानूनगो गिरफ्तार
नकल रपट देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। Bhiwani News: विजिलेंस टीम ने तहसील कार्यालय में तैनात फील्ड कानूनगो अशोक कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस के अनुसार आरोपी ने मुंढ़ाल गांव की भू-स्वामित्व योजना से जुड़े मामले में नकल रपट अपलोड करने और उपलब्ध कराने के बदले रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।
भू-स्वामित्व योजना के तहत 20 साल या उससे अधिक समय से पंचायती जमीन पर कब्जा रखने वाले लोगों को सरकार की नीति के अनुसार मालिकाना हक देने की प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत संबंधित जमीन की पैमाइश फील्ड कानूनगो ने की थी। आरोप है कि इसके बाद नकल रपट उपलब्ध कराने के लिए 10 हजार रुपये मांगे गए। एसीबी इंस्पेक्टर जगजीत ने बताया कि शिकायतकर्ता की मांग पर उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। ट्रैप कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट और शैडो टीम की मौजूदगी में निर्धारित नियमों के अनुसार की गई। विजिलेंस ने लोगों से रिश्वत मांगने पर तुरंत शिकायत करने की अपील की है।