करनाल पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया

कब्जे से चोरी शुदा 9 मोटरसाइकिल व 2 एक्टिवा सहित कुल 11 वाहन बरामद

Published On

करनाल (सच कहूँ न्यूज़)। Karnal News: जिला करनाल पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा चोरीशुदा वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल, भा.पु.से. के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी ऑटो थेफ्ट स्टाफ करनाल की टीम ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 9 मोटरसाइकिल व 2 एक्टिवा सहित कुल 11 वाहन बरामद किए हैं।

इस संबंध में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एंटी ऑटो थेफ्ट स्टाफ प्रभारी निरीक्षक रोहताश सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।

सहायक उप निरीक्षक देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर करनाल बाईपास रिंग रोड, बहद रकबा गांव कुटेल से साहिल कुमार उर्फ दीवा व मनीष, निवासी गांव कैरवाली, जिला करनाल को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित काबू किया। आरोपियों से पूछताछ एवं जांच के दौरान उनकी निशानदेही पर कुल 7 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

इसी प्रकार मुख्य सिपाही सुखमहेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने कार्रवाई करते हुए पश्चिमी यमुना नहर, करनाल से आकाश उर्फ काशी, निवासी जुंडला तथा धीरज उर्फ आजाद, निवासी हांसी चौक, करनाल को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित काबू किया। आरोपियों के कब्जे से 2 चोरीशुदा मोटरसाइकिल व 2 एक्टिवा बरामद की गईं।

इस प्रकार चारों आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर कुल 9 चोरीशुदा मोटरसाइकिल व 2 एक्टिवा सहित 11 चोरीशुदा दुपहिया वाहन बरामद किए जा चुके हैं। 

प्रारंभिक जांच में बरामद वाहन थाना शहर करनाल, थाना सिविल लाइन करनाल, थाना रामनगर, थाना इंद्री, थाना मधुबन, थाना सदर करनाल तथा जिला पानीपत के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी होना पाए गए हैं।

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य वारदातों एवं गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

 

About The Author

Related Posts