रास्ता पूछने के बहाने महिला की सोने की तबीजी तोड़ी, चाकू से हमला

महिला के हाथ में लगी चोट, बाइक सवार तीन युवकों ने दिया वारदात को अंजात

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। भादरा क्षेत्र में खेत की ओर घूमने जा रही 55 वर्षीय महिला से रास्ता पूछने के बहाने सोने की तबीजी तोड़कर ले जाने का मामला सामने आया है। महिला ने मोटर साइकिल सवार तीन युवकों पर वारदात करने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, राजपुरा निवासी कृष्णा देवी (55) पत्नी हंसराज जाट ने थाने में रिपोर्ट दी कि उनका खेत भादरा की रोही में बीड़ क्षेत्र में छात्रावास की सीमा के पास है। वह रोजाना सुबह खेत की ओर घूमने जाती हैं। 16 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे घूमकर वापस घर लौटते समय उसे मोटर साइकिल पर तीन युवक मिले। इनमें से एक युवक मोटर साइकिल से उतरकर उसके पास आया और तारानगर जाने का रास्ता पूछा। महिला ने रास्ते की जानकारी नहीं होने की बात कही।

इसके बाद युवक ने अचानक चाकू से महिला के गले में पहनी करीब पांच ग्राम वजनी सोने की तबीजी तोड़ ली। महिला ने अपना बचाव करने का प्रयास किया तो युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला के दाहिने हाथ के अंगूठे पर खरोंच आई। हमले के दौरान महिला के कपड़े भी फट गए।

इसके बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर भादरा की ओर फरार हो गए। महिला ने बताया कि तीनों युवक पहले उसके पास से गुजर गए थे और बाद में वापस उसकी ओर आए। जिस युवक ने तबीजी तोड़ी, उसके हाथ में प्लास्टिक की एक सीसी थी, जिसमें गुलाबी रंग का तरल पदार्थ भरा हुआ था और सीसी में फव्वारे जैसी नली लगी हुई थी। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक जगदीश को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

About The Author

Related Posts