Hanumangarh Assault Case: मजदूरी के रुपए लूटने के लिए घर में घुसकर हमला, कुल्हाड़ी से काटा जबड़ा
प्लास से कनपटी पर वार और बेरहमी से मारपीट का आरोप, तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज
Hanumangarh Assault Case: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। मजदूरी के 35 हजार रुपए लेकर घर लौटे एक व्यक्ति पर हमला कर नकदी व घरेलू सामान ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन जनों पर घर में घुसकर मारपीट करने और कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 33 निवासी जसवंत (36) पुत्र सुरजन सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी कि वह पिछले 40-45 दिनों से पक्की चिनाई का काम करने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। 15 सितंबर को वह मजदूरी के 35 हजार रुपए लेकर घर लौटा था। उसी दिन शाम करीब 6 बजे वह घर में चारपाई पर बैठा था। इसी दौरान राकेश पुत्र गुरमीत, करणी पुत्र जसवंत और अमन पत्नी करणी निवासी वार्ड नंबर 33, रावतसर एकराय होकर उसके घर में घुस आए और उससे रुपए मांगने लगे।
जसवंत ने बताया कि उसने आरोपियों से कहा कि उसके पास 35 हजार रुपए हैं और उसे अन्य लोगों की उधारी चुकानी है। इस पर तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और 45 दिन तक घर से बाहर रहने के बाद 35 हजार रुपए ही लेकर आने पर बाकी पैसों का हिसाब मांगने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया। राकेश ने प्लास से उसकी कनपटी पर तीन-चार बार वार किया। इसके बाद अमन ने उसके बाल पकड़कर गले में साफा डाल दिया और चारपाई पर पटक दिया।
राकेश ने कुल्हाड़ी से उसके मुंह पर वार कर जबड़े को गंभीर रूप से काट दिया। इसके बाद तीनों ने लात-घूंसों और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और उसे मरा हुआ समझकर उसकी जेब से 35 हजार रुपए निकाल लिए। आरोपियों पर घर से बर्तन, गैस टंकी, सिलेंडर सहित अन्य सामान ले जाने का भी आरोप है। रिपोर्ट के अनुसार, हमले के बाद जसवंत बेहोश हो गया।
पड़ोसियों ने उसे राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर किया गया। 16 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसने 17 सितंबर को रावतसर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक शम्भूदयाल को सौंपी गई है।