Archery News: हनुमानगढ़ के तीरंदाजों का स्टेट में जलवा

यागिनी पचार ने जीते चार पदक, जूनियर नेशनल के लिए राजस्थान टीम में चयन

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ जंक्शन में नियमित अभ्यास करने वाले जिले के तीरंदाजों ने राजस्थान स्टेट जूनियर एवं सब-जूनियर आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। श्रीगंगानगर की बिहाणी क्रिकेट अकादमी में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में कुल आठ पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की तीरंदाज यागिनी पचार का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। जूनियर वर्ग के कम्पाउंड वर्ग में यागिनी पचार ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं सब-जूनियर वर्ग के कम्पाउंड महिला वर्ग में भी उन्होंने एक कांस्य पदक हासिल किया।

इस तरह यागिनी ने प्रतियोगिता में कुल चार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। यागिनी के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का सबसे बड़ा परिणाम यह रहा कि उनका चयन आगामी जूनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के लिए राजस्थान की टीम में हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से यागिनी के परिवार, प्रशिक्षकों और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सब-जूनियर वर्ग में भी हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

रिकर्व वर्ग में यशवर्धन सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। कम्पाउंड पुरुष वर्ग में करण थौरी ने एक रजत और एक कांस्य पदक, करण दत्त ने एक कांस्य पदक तथा मनीष ने एक कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी मेहनत और निरंतर अभ्यास को प्रदर्शन में बदलते हुए जिले की खेल प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कोच अमन कड़वा ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी स्टेडियम में तीरंदाज लगातार अभ्यास कर रहे हैं और उनका उद्देश्य हनुमानगढ़ जिले की खेल प्रतिभाओं को राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी प्रतियोगिताओं में भी जिले के तीरंदाज बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदकों की संख्या बढ़ाएंगे। यागिनी पचार के राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन को उन्होंने जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।

About The Author

Related Posts