Fraud: 9 लाख का धान खरीदकर भुगतान नहीं किया, किसान ने ठगी का लगाया आरोप

300 क्विंटल धान 3300 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदने का आरोप, रकम मांगने पर टालमटोल के बाद फोन उठाना किया बंद

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। एक किसान ने धान खरीदने के नाम पर करीब 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि व्यापारी ने किसान से करीब 300 क्विंटल धान 3300 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया। बार-बार तकाजा करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। न्यायालय के इस्तगासे पर टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुरजीत सिंह (31) पुत्र नाजम सिंह जटसिख निवासी गोदारा बास, फतेहगढ़ ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ के समक्ष इस्तगासा पेश किया। इसमें प्रेम सेतिया पुत्र हाकमराय सेतिया निवासी सूरेवाला तहसील टिब्बी हाल नई आबादी, गली नंबर 10, टाउन को आरोपी बनाया गया है।

इस्तगासे के अनुसार गुरजीत सिंह और उसके पिता ने चक नंबर 22 एचएमएच में 25 बीघा कृषि भूमि ठेके पर लेकर धान की फसल काश्त की थी। फसल तैयार होने के बाद उसे काटकर घर लाकर सुखाया गया। 3 दिसंबर 2024 को प्रेम सेतिया किसान के पास पहुंचा और स्वयं को धान खरीद का कारोबारी बताते हुए बाजार भाव से 150 रुपए प्रति क्विंटल अधिक कीमत देने की बात कही। उसने घर से ही धान उठाने तथा गांव के अन्य किसानों से भी धान खरीदने की बात कही।

परिवादी के अनुसार दोनों के बीच 3300 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से सौदा तय हुआ। उसी दिन आरोपी ट्रक नंबर आरजे 14 जीए 3454 से धान ले गया। भुगतान मांगने पर आरोपी ने सात दिन में रकम देने की बात कही और बाकी धान भी खरीदने की बात कही। इसके बाद 9 दिसंबर 2024 को आरोपी दोबारा आया और बाकी धान भी लोड करवाने को कहा। उसी दिन दूसरे ट्रक नंबर आरजे 19 जीडी 2972 में बाकी धान भी लोड करवा दिया गया।

इस तरह करीब 300 क्विंटल धान, जिसकी कुल कीमत लगभग 9 लाख रुपए बताई गई है, आरोपी को बेच दिया गया। अगले दिन भुगतान मांगने पर आरोपी ने दो-तीन दिन में पैसे आने की बात कही। करीब 15 दिन बाद दोबारा फोन करने पर चार-पांच दिन और रुकने को कहा। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। परिवादी आरोपी के घर पहुंचा तो उसकी पत्नी ने बताया कि वह घर पर नहीं है। बाद में आरोपी ने एक बार फोन उठाकर कुछ समय और देने की बात कही। परिवादी का आरोप है कि करीब दो माह बाद फोन करने पर आरोपी ने कहा कि उसके पास रुपए नहीं हैं और उससे जो बन पड़े कर ले। इस्तगासे में आरोपी पर अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक भूप सिंह को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts