शिक्षा और रोजगार
Helicopter Crash: हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, तीन लोगों की मौत
हादसे की वजह की जांच शुरू
Helicopter Crash: लॉस एंजिलिस (सच कहूँ/एजेंसी)। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिलिस के चैट्सवर्थ इलाके में मंगलवार शाम एक न्यूज हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना उस स्थान के पास हुई, जहां कुछ समय पहले एसयूवी और मेट्रो बस की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई थी। लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट के अनुसार हेलीकॉप्टर हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया।
हेलीकॉप्टर हादसा नॉर्थ मेसन एवेन्यू के 9100 ब्लॉक में दो व्यावसायिक इमारतों के बीच हुआ। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक घटना शाम करीब 7 बजे की है। दुर्घटना के बाद मौके पर आग लग गई और आसपास खड़े वाहनों तथा दो शिपिंग कंटेनरों को भी नुकसान पहुंचा।
रिपोर्टों के अनुसार, इलाके में पहले हुए मेट्रो बस हादसे की कवरेज के लिए कई न्यूज हेलीकॉप्टर मौजूद थे। इसी दौरान एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बाद में एनबीसी लॉस एंजिलिस ने पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त विमान एक न्यूज हेलीकॉप्टर था। इससे पहले चैट्सवर्थ में एक एसयूवी और मेट्रो बस की टक्कर हुई थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
हेलीकॉप्टर के गिरने के बाद लगी आग को दमकल कर्मियों ने बुझाया। राहत और बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे में तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती रिपोर्टों में हादसे में शामिल लोगों की संख्या को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी। बाद में अधिकारियों ने तीन लोगों की मौत और एक व्यक्ति के अस्पताल ले जाए जाने की जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार हेलीकॉप्टर दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। घटना की जांच के लिए अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।