शिक्षा और रोजगार
11-12 वर्षीय खुशी की मौत के मामले में नया मोड़, नहर में डूबोकर की थी बच्ची की हत्या!
दादा ने बहू समेत तीन पर लगाया आरोप
हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र में केएसडी नहर में डूबने से हुई 11-12 वर्षीय खुशी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बच्ची के 62 वर्षीय दादा जयपाल पुत्र लेखराम जाट निवासी चाईया तहसील रावतसर ने अपनी पुत्रवधू सहित तीन लोगों पर साजिश कर बच्ची की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। न्यायालय के इस्तगासे के बाद संगरिया थाना पुलिस ने हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार इस्तगासे में जयपाल ने सोनादेवी पुत्री कृष्णलाल, वर्तमान पत्नी राजेन्द्र सिंह निवासी मालारामपुरा तहसील संगरिया, राजेन्द्र सिंह पुत्र भोला सिंह जटसिख निवासी मालारामपुरा तथा महकदीप कौर पुत्री राजेन्द्र सिंह जटसिख निवासी मालारामपुरा को आरोपी बनाया है। परिवादी के अनुसार करीब 13-14 वर्ष पहले उसके पुत्र रामप्रताप की शादी भाखरांवाली निवासी सोनादेवी से हुई थी। शादी के बाद रामप्रताप और सोनादेवी की एक पुत्री खुशी का जन्म हुआ।
करीब छह वर्ष पूर्व सोनादेवी अपने ससुराल से नाराज होकर पीहर चली गई थी। करीब तीन वर्ष पूर्व सोनादेवी अपनी बेटी खुशी को लेकर मालारामपुरा निवासी राजेन्द्र सिंह के साथ उसकी ढाणी में रहने लगी और वर्तमान में भी उसके साथ रह रही है। इसके बाद खुशी को दोनों के लिए बाधा माना जाने लगा और उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। जयपाल का आरोप है कि इसी साजिश के तहत सोनादेवी, राजेन्द्र सिंह और महकदीप कौर ने मिलकर खुशी को केएसडी नहर के पानी में डुबोकर मार दिया।
इसके बाद घटना को हादसा बताने के लिए यह कहानी बनाई गई कि खुशी और महकदीप कौर नहर में नहाने गई थीं, जहां खुशी डूब गई जबकि महकदीप बच गई। परिवादी ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें काफी समय बाद मिली और शुरू में उन्होंने इसे हादसा ही माना। बाद में एक महिला जिसका मालारामपुरा में पीहर है, से बच्ची की मौत को लेकर अलग जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने स्तर पर पता किया। इसके बाद उन्हें बच्ची की हत्या की साजिश किए जाने की जानकारी मिली। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संगरिया से प्राप्त इस्तगासे पर पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच थाना प्रभारी अमर सिंह कर रहे हैं। पुलिस मामले में लगाए गए हत्या के आरोपों की जांच कर रही है।