Social Media News: हथियार लहराकर डांस करने वाला युवक धरा

भागलपुर में हथियार लहराकर रील बनाने के मामले में पुलिस का एक्शन

Published On

भागलपुर, (हि.स.)। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर दहशत फैलाने के आरोपों को लेकर भागलपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। महिला डांसरों के साथ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर दोनों हाथों में पिस्टलनुमा वस्तुएं लेकर डांस करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी मुकेश पाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद उसके साथियों के साथ एक निजी स्थान पर डांस कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई।

वायरल वीडियो में भोजपुरी गीतों पर कार्यक्रम के दौरान युवक के हाथों में पिस्टल जैसी वस्तुएं दिखाई दे रही थीं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और संभावित ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए मुकेश पाल को पकड़ लिया गया।

पुलिस कर रही हथियारों की जांच

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वीडियो में नजर आ रही पिस्टल असली नहीं है। उसका कहना है कि उसने रील बनाने और शौक के लिए नकली खिलौना अथवा लाइटर जैसी वस्तु खरीदी थी। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रही वस्तुओं की वास्तविक प्रकृति का सत्यापन किया जा रहा है।

भागलपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर वीडियो या रील बनाने वालों को चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर ज्यादा व्यूज या लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब वायरल वीडियो से जुड़े अन्य लोगों और कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

About The Author

Related Posts