Cyber Fraud:अमेरिका में रह रहे चचेरे भाई के नाम पर ईंट-भट्ठा मुंशी से ठगे 4.10 लाख
जींद साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का केस दर्ज
जींद (हि.स.)। साइबर ठगों ने अमेरिका में रहने वाले चचेरे भाई के नाम का इस्तेमाल कर ईंट-भट्ठे पर मुंशी का काम करने वाले एक व्यक्ति से लाखों रुपये ठग लिए। आरोपी ने पहले बैंक खाते में विदेश से 18 लाख रुपये आने की बात कही और इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर पीड़ित से रकम ट्रांसफर करवा ली। मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पड़ाना निवासी श्रीभगवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक ईंट-भट्ठे पर मुंशी के तौर पर काम करता है। उसका चचेरा भाई मनीष लंबे समय से अमेरिका में रह रहा है। शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त को श्रीभगवान के व्हाट्सऐप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका चचेरा भाई बताते हुए बैंक खाते की जानकारी मांगी और कहा कि वह कुछ रकम उसके खाते में जमा करवाएगा।
पीड़ित के अनुसार, कॉल करने वाले ने बताया कि करीब एक महीने बाद वह भारत लौटकर रकम वापस ले लेगा। साथ ही कुछ पैसे अपने एक दोस्त को भेजने की बात कही, जिसकी मां बीमार बताई गई थी। इसके बाद उसे 18 लाख रुपये की एक रसीद भेजकर दावा किया गया कि रकम उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई है।
बैंक अधिकारी बनकर भी किया संपर्क
कुछ समय बाद श्रीभगवान के पास दूसरे मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई स्थित बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके खाते में विदेश से 18 लाख रुपये आए हैं। इसके बाद कथित चचेरे भाई की ओर से फिर संपर्क किया गया और एक नंबर भेजकर उसमें एक लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा गया।
शिकायत के मुताबिक, श्रीभगवान ने 27 अगस्त को बताए गए खाते में एक लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद 5 सितंबर को उसने तीन लाख 20 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि इसके बावजूद ठग लगातार और रकम की मांग करते रहे।
असली मनीष से संपर्क करने पर खुला राज
लगातार पैसों की मांग होने पर श्रीभगवान को शक हुआ। उसने अमेरिका में रह रहे अपने चचेरे भाई मनीष से सीधे फोन पर संपर्क किया। बातचीत में पता चला कि मनीष ने उससे इस तरह की कोई रकम नहीं मांगी थी। इसके बाद श्रीभगवान को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला।
साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी धर्मवीर ने बताया कि जानकार व्यक्ति बनकर रकम हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।