Festival Special Train: त्यौहारों पर इन रेल यात्रियों की सुविधा के लिए चलेगी त्यौहार स्पेशल ट्रेन
छपरा-आनंद विहार के बीच के यात्रियों को मिलेगी राहत
Festival Special Train: सारण, (हि.स.)। आगामी त्यौहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने छपरा और आनंद विहार टर्मिनल के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह साप्ताहिक त्यौहारोंस्पेशल ट्रेन गोरखपुर के रास्ते दोनों दिशाओं में संचालित होगी। ट्रेन के संचालन से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार 05085 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 6 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। छपरा से ट्रेन दोपहर 1:05 बजे रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
इस दौरान ट्रेन मशरख, थावे, पडरौना, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली और गाजियाबाद सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। बुधवार को आनंद विहार से वापसी वापसी दिशा में 05086 आनंद विहार टर्मिनल-छपरा स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। आनंद विहार टर्मिनल से ट्रेन सुबह 10:50 बजे प्रस्थान करेगी और गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर और थावे के रास्ते अगले दिन सुबह 7:00 बजे छपरा पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के आठ-आठ फेरे निर्धारित किए गए हैं।
एलएचबी रेक के 22 कोच लगाए जाएंगे
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में आधुनिक एलएचबी रेक लगाया जाएगा। इसमें कुल 22 कोच होंगे। कोच संरचना में एक वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी, दो एसी द्वितीय श्रेणी, छह एसी तृतीय श्रेणी, दो एसी तृतीय इकोनॉमी, पांच शयनयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा दो एसएलआर/जनरेटर यान शामिल हैं। त्यौहारों के दौरान दिल्ली-एनसीआर और बिहार के बीच बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे की यह अतिरिक्त सेवा यात्रियों के लिए उपयोगी विकल्प उपलब्ध कराएगी।