Bhagwant Ayurvedic College: भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज में आयुर्वेद दिवस पर हुआ विशेष कार्यक्रम
भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज में आयुर्वेद दिवस पर हुआ विशेष कार्यक्रम
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज एवं भगवंत हॉस्पिटल में 17 सितंबर को गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “आयुर्वेद फॉर ए हेल्दियर टुमॉरो” रही। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. विनीता त्यागी, प्राचार्य एवं अधीक्षक, स्वामी कल्याण देव राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज मुजफ्फरनगर तथा डीन, फैकल्टी अॉफ आयुर्वेद, चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आयुर्वेद को केवल चिकित्सा पद्धति न मानकर स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने दिनचर्या, ऋतुचर्या और आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों की उपयोगिता समझाई तथा विद्यार्थियों को इन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. कुलभूषण गुप्ता ने आयुर्वेद शिक्षा, अनुशासन और सेवा भावना के महत्व पर विचार रखे। डिप्टी डायरेक्टर डॉ. पुष्पनील वर्मा ने आयुर्वेद की समग्र चिकित्सा पद्धति पर प्रकाश डाला। चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह ने सभी को आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. शेखर सोलंकी सहित शिक्षकगण, अधिकारी, स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में डॉ. शेखर सोलंकी ने सभी का आभार व्यक्त किया।