डीसी सचिन गुप्ता ने नारायणगढ़ अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
दवा से लेकर एंबुलेंस तक हर कोने की खंगाली हकीकत
अंबाला (सच कहूँ ब्यूरो)। Ambala News: नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को अचानक हलचल मच गई, जब उपायुक्त सचिन गुप्ता बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंच गए और वार्ड-दर-वार्ड जाकर व्यवस्थाओं की पड़ताल शुरू कर दी। दवाइयों के स्टॉक से लेकर एंबुलेंस तक, हर जगह उपायुक्त ने बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम नारायणगढ़ शिवजीत भारती भी उनके साथ मौजूद रहे। छापे के दौरान उपायुक्त सबसे पहले आपातकालीन विभाग जा पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों से सीधे मुखातिब होकर हकीकत जानी। चिकित्सकों से उन्होंने रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या, गंभीर मामलों और रेफरल प्रक्रिया की जानकारी खंगाली और साफ निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों के इलाज में एक पल की भी देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
स्टाफ की ड्यूटी व्यवस्था पर भी सख्ती दिखाते हुए पर्याप्त कवरेज सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद उपायुक्त सीधे ड्रग स्टोर में पहुंचे और दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर एक-एक कर जांचे। किसी भी जरूरी दवा की कमी न हो, इसके लिए समय रहते खरीद प्रक्रिया शुरू करने की हिदायत दी। इसके बाद एंबुलेंस की बारी आई, उपकरण, दवाइयां और आॅक्सीजन सपोर्ट सब कुछ चेक किया गया, साथ ही हर वक्त एंबुलेंस को तैयार हालत में रखने का फरमान सुनाया गया। छापे के दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कार्डियक अरेस्ट जैसी आपात स्थितियों पर खास जोर देते हुए कहा कि शुरूआती मिनट ही मरीज की जान बचाते हैं, इसलिए आपातकालीन सेवाएं चौबीसों घंटे चाक-चौबंद रहनी चाहिए।