शिक्षा और रोजगार
Theft News: मांगेआना में दो घरों में 13 तोले सोने के जेवरात और 30 हजार नकदी चोरी
मांगेआना में दो घरों में 13 तोले सोने के जेवरात और 30 हजार नकदी चोरी
डबवाली (सच कहूँ/अनिल)। Dabwali News: पुलिस जिला डबवाली के गांव मांगेआना में मंगलवार रात चोरों ने पड़ोस में स्थित दो मकानों को निशाना बनाकर करीब 13 तोले सोने के जेवरात और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोर दोनों घरों के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और खिड़कियों की लोहे की ग्रिल काटकर कमरों में घुसे। वारदात के बाद सदर थाना डबवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। गांव निवासी सतनाम सिंह और भोला सिंह पुत्र कटार सिंह के मकान देसूजोधा रोड पर पड़ोस में हैं। मंगलवार रात चोरों ने दोनों घरों के पिछले हिस्से में बने कमरों की खिड़कियों की ग्रिल काट दी। इसके बाद अलमारी और संदूकों के ताले तोड़कर सामान खंगाला। सतनाम सिंह ने बताया कि सुबह घर के पीछे जाने पर खिड़की की ग्रिल कटी मिली।
कमरे में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का ताला टूटा था। जांच करने पर करीब 10 तोले सोने के जेवरात और 10 हजार रुपये चोरी होने का पता चला। वहीं भोला सिंह के घर से चोर करीब 3 तोले सोने के जेवरात और 20 हजार रुपये की नकदी ले गए। दोनों घरों से कुल 13 तोले सोने के जेवरात और 30 हजार रुपये चोरी होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। चोरी की घटना से पीड़ित परिवारों के साथ ग्रामीणों में भी रोष है। ग्रामीणों ने गांव में पहले भी चोरी की घटनाएं होने का हवाला देते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। पीड़ितों ने सदर थाना डबवाली में शिकायत देकर चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।