अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए थाना प्रभारियों की तय होगी जवाबदेही: आईजी

शिकायतकर्ता से एक सप्ताह बाद फीडबैक लेने के निर्देश, बॉर्डर नाकों पर बढ़ाएं निगरानी और मजबूत करें सूचना तंत्र

Published On

सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। Sirsa News: हिसार मंडल के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने बुधवार को बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को फील्ड में सक्रिय रहकर सूचना तंत्र मजबूत करने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आईजी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी फील्ड में सक्रिय रहें और स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर कार्रवाई करें। उन्होंने फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आईजी कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपटे और किसी भी अपराधी का महिमामंडन न होने दिया जाए। गंभीर और जघन्य अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। 

शिकायतकर्ता से एक सप्ताह बाद लें फीडबैक

आईजी ने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत को ध्यान से सुनकर नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई की जाए। शिकायत दर्ज होने के करीब एक सप्ताह बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि पता चल सके कि शिकायत पर हुई कार्रवाई से वह संतुष्ट है या नहीं। उन्होंने छोटे विवादों को बातचीत और आपसी समझौते से समय रहते सुलझाने का प्रयास करने को कहा। आईजी ने अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जिले से लगती पंजाब और राजस्थान की सीमाओं पर नाकाबंदी मजबूत करने के निर्देश दिए। 

नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी रखने को कहा

आईजी कुलदीप सिंह ने पुलिस प्रशासन को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी करने तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय कर पुलिसिंग को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आईजी को आश्वस्त किया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों की कड़ाई से पालना की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके अलावा साइबर अपराध और महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। 

About The Author

Related Posts