शिक्षा और रोजगार
चोरी मामले में महिला 20 तोले सोना सहित गिरफ्तार
सीआईए-2 ने स्कूटी भी की बरामद, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: सेक्टर-6 स्थित एक मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में सीआईए-2 हांसी ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 से 22 तोले सोने के आभूषण, करीब 250 ग्राम चांदी नुमा धातु और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। डीएसपी अक्षय कुमार ने बताया कि13 सितंबर को शहर थाना हांसी में चोरी का केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता संजय कुमार के अनुसार, देर रात मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इसमें वारदात से पहले दो युवकों के मकान की रेकी करने की जानकारी सामने आई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हांसी निवासी उषा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसने चोरी के कुछ आभूषण अपने घर में छिपाकर रखे थे और बाद में दोनों आरोपियों को अपनी स्कूटी से हांसी बस स्टैंड छोड़ा था। बरामद आभूषणों की शिकायतकर्ता और सुनार की मौजूदगी में शिनाख्त कराई गई। अदालत ने महिला को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया। पुलिस अब दोनों अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।