शिक्षा और रोजगार
Matrimonial Fraud: शादी के नाम पर साइबर ठगी का नेटवर्क ध्वस्त
वकील मास्टरमाइंड समेत 9 गिरफ्तार जो फर्जी मैट्रिमोनियल पोर्टल से देशभर में करते थे ठगी
नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। Delhi News: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल जिला साइबर पुलिस ने शादी पार्टनर डॉट कॉम की आड़ में देशभर के शादी के इच्छुक पुरुषों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड एडवोकेट अमित कुमार (29) समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला मैनेजर और सात महिला टेली-कॉलर्स शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह आगरा में फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था।
टेली-कॉलर्स सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल पोर्टल से पुरुषों के नंबर जुटाकर उन्हें आकर्षक महिलाओं की तस्वीरें भेजती थीं। फर्जी प्रोफाइल तैयार कर महिला कर्मचारियों से संभावित दूल्हन बनकर बातचीत कराई जाती थी। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल एक्टिवेशन और कॉन्टैक्ट अनलॉक जैसे बहानों से 2,500 से 15 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

जांच के बाद पुलिस ने 4 सितंबर को आगरा के सिकंदरा स्थित रामाजी धाम अपार्टमेंट में छापा मारकर कॉल सेंटर की महिला मैनेजर और सात टेली-कॉलर्स को पकड़ा। पूछताछ में अमित कुमार को गिरोह का असली मालिक और मास्टरमाइंड बताया गया। पुलिस के मुताबिक उसने फर्म और बैंक खाते महिला के नाम पर रखे और खुद को ‘लीगल एडवाइजर’ बताकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया।छापे के बाद फरार हुए अमित कुमार को तकनीकी निगरानी के जरिए 8 सितंबर को आगरा से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से एक हुंडई क्रेटा, 50 हजार रुपये नकद, सात डेस्कटॉप सीपीयू और 47 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पीड़ितों और ठगी की कुल रकम का पता लगा रही है।