Farmers News: किसानों का मोर्चा जारी, शहर में निकाला रोष मार्च

विभिन्न मांगों सहित लैंड पूलिंग योजना को तुरंत रद्द किया जाए: किसान नेता

Published On

सुनाम ऊधम सिंह वाला (सच कहूँ/कर्म थिंद)। Sunam News: भारतीय किसान यूनियन एकता (आजाद) की ओर से आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के आवास के पास लगाया गया पक्का मोर्चा आज तीसरे दिन भी जारी रहा।आज प्रदेश महिला नेता बलजीत कौर किलाभरियां के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं सहित हजारों किसानों और युवाओं ने सुनाम शहर में रोष मार्च निकाला। इस दौरान पंजाब सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की गई। बाद में पंडाल में जुटे किसानों के बड़े समूह को संबोधित करते हुए प्रदेश नेता दिलबाग सिंह हरिगढ़ ने कहा कि पंजाब सरकार के जुल्म के खिलाफ, पंजाब में बड़े स्तर पर फैल रहे नशे के विरोध में तथा किसानों और मजदूरों की जायज मांगों को पूरा करवाने के लिए यह मार्च निकाला गया है।

किसान नेताओं ने कहा कि आज किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब की बैठक अमृतसर में हुई, जिसमें सरकार को कल 12 बजे तक का समय दिया गया है। यदि सरकार ने बातचीत शुरु नहीं की तो पंजाब में 5 स्थानों पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। किसान नेता ने कहा कि पंजाब के किसान मांग कर रहे हैं कि मक्का, मूंग, आलू, सरसों और बासमती की फसलों पर एमएसपी तय करके सरकारी खरीद की गारंटी की जाए। विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को रद्द करने का प्रस्ताव पारित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली बिल 2025, सीड बिल 2025, सहकारिता बिल 2026 समेत दोबारा लाई गई लैंड पूलिंग योजना को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए।

प्रदेश नेता मनजीत सिंह नियाल और गुरदेव सिंह गज्जूमाजरा ने कहा कि पंजाब सरकार सभी कब्जाधारी किसानों को मालिकाना हक देने के साथ-साथ किसानों से जबरन जमीनें छीनना बंद करे। गेहूं की फसल के लिए जरुरी खादों यूरिया और डीएपी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसान नेताओं ने मांग की कि पंजाब में पानी की बढ़ती कमी को हल करने के लिए पुनर्गठन एक्ट 1966 की धाराओं 78/79/80 को रद्द किया जाए।

किसान आंदोलनों के दौरान शहीद हुए किसानों तथा पुलिस कार्रवाई के दौरान दिव्यांग हुए और आंखों की रोशनी गंवा चुके लोगों के परिवारों को नौकरी और मुआवजा देने के साथ उनका कर्ज माफ किया जाए। शंभू और खनौरी मोर्चों में लूटे सामान और नुकसान हुए सामान की तुरंत भरपाई की जाए। संघर्षों के दौरान दर्ज झूठे मुकदमों तथा पराली जलाने के मामलों को तुरंत रद्द किया जाए। बाढ़, आग और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का पूरा मुआवजा दिया जाए। रात के समय पंजाब में ड्रोन से की जा रही मैपिंग तुरंत रोकी जाए। मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए पंजाब सरकार अपने स्तर पर फसल बीमा योजना शुरु करे।

धरने को प्रदेश महिला नेता गुरप्रीत कौर बरास, किरणजीत बम्मणां, राज कौर बरास, जमहूरी अधिकार सभा के नेता जगजीत सिंह भुटाल, जगराज सिंह दधाहूर, जरनैल सिंह किशनगढ़, कुलविंदर सिंह सोनी लोंगोवाल, राज सिंह थेड़ी, परविंदर सिंह बाबनपुर सहित सभी ब्लॉक प्रधानों ने संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा धूरी और तरनतारन चीनी मिलों को चलाने का वादा किया गया था, जिसे पूरा किया जाए। गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। चीनी मिलों की ओर किसानों के बकाया भुगतान के साथ ब्याज की राशि भी तुरंत जारी की जाए।

 

About The Author

Related Posts