Truck Road Accident: हुक टूटने से नमक से भरा ट्राला पलटा, बिजली की तारें टूटीं

हुक टूटने से नमक से भरा ट्राला पलटा, बिजली की तारें टूटीं

Published On

बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर डेरा बाबा इंदर दास के सामने हुक टूटने के कारण एक घोड़ा ट्राला बेकाबू होकर सड़क पर ही पलट गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्राला चालक बाल-बाल बच गया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे के बारे में जानकारी देते हुए ट्राला चालक आशू राम ने बताया कि वह बीकानेर (राजस्थान) से नमक के गट्टे भरकर राजपुरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह घड़ैली चौक वाले ओवरब्रिज से नीचे उतरकर कट के रास्ते स्लिप रोड पर चढ़ने लगा तो अचानक चेसी के पीछे लगी ट्रॉली का हुक झटके से टूट गया। 

इससे ट्रॉली स्लिप रोड पर पलट गई और उसमें लदा सारा नमक खेत में बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से हादसाग्रस्त ट्रॉले को सड़क से हटाकर एक तरफ करवाया और बाधित यातायात को दोबारा बहाल करवाया। हादसे के कारण सड़क किनारे से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारें भी टूट गई। इससे आसपास के इलाके की बिजली गुल हो गई और बड़ा खतरा टल गया। 

दूसरी ओर प्रभावित खेत के मालिक जग्गी सिंह ने दु:ख जताते हुए कहा कि नमक की भारी बोरियां उसकी खड़ी फसल में गिरने के कारण उसे हजारों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। मौके पर मौजूद राहगीरों ने हाईवे अथॉरिटी की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि कट के बीच सड़क का हिस्सा ज्यादा ऊंचा-नीचा होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने मांग की कि इस खतरनाक मोड़ पर सड़क को तुरंत समतल किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव हो सके।

About The Author

Related Posts