शिक्षा और रोजगार
मुठभेड़ में वांछित स्नैचर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
चोरी की बाइक, तमंचा, कारतूस और पीली धातु का टुकड़ा बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )। राजधानी दिल्ली से सटे कमिश्नरेट गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान वांछित स्नैचर को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस तथा पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, 23 सितंबर को इंदिरापुरम पुलिस टीम वसुंधरा सेक्टर-1 टी-प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिंडन की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे युवक ने पुलिस को चेकिंग करते देखा तो बाइक पीछे मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमिर अली उर्फ अमन (24) पुत्र रफीक निवासी चिल्ला गांव, मयूर विहार फेस-1, दिल्ली बताया।वह इंदिरापुरम थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 784/2026 में धारा 109(1), 317(2) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत वांछित था।
दोस्त के साथ मिलकर करता था स्नैचिंग
इंदिरापुरम थाना प्रभारी अजय चौधरी के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी सुहैल के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में चेन स्नेचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। करीब एक माह पहले कविनगर थाना क्षेत्र में भी स्नैचिंग की घटना करने की बात उसने स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और कविनगर थाना क्षेत्र की घटना से संबंधित पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ है । मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।