शिक्षा और रोजगार
Noida News: 2 फूड रेस्टोरेंट पर 3 लाख का जुर्माना
सेक्टर-12 में मिक्स वेस्ट मिला, सेक्टर-41 में नाले में डाला जा रहा था तेल
नोएडा (सच कहूँ न्यूज)। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने कचरा प्रबंधन और पर्यावरणीय नियमों का पालन नहीं करने पर दो कंपनियों पर 3 लाख रुपए का जुमार्ना लगाया है। सेक्टर-41 स्थित रिबेल फूड प्राइवेट लिमिटेड पर 2 लाख और सेक्टर-12 स्थित बारकोस पर 1 लाख रुपए की कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि दोनों कंपनियों के निरीक्षण में कचरा प्रबंधन और पर्यावरणीय नियमों के पालन में लापरवाही सामने आई थी।
सेक्टर-12 स्थित बारकोस के निरीक्षण में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग नहीं किया जा रहा था। मौके पर मिक्स वेस्ट मिला। इसके अलावा ईटीपी प्लांट भी संचालित नहीं मिला। कंपनी पर बल्क वेस्ट जनरेटर से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने की भी बात सामने आई। इन खामियों के चलते प्राधिकरण ने बारकोस पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। सेक्टर-41 स्थित रिबेल फूड प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण में तेल सीधे पब्लिक ड्रेन में डाला जा रहा था।
प्राधिकरण की टीम को पानी में मच्छरों के लार्वा भी मिले। यहां भी बल्क वेस्ट जनरेटर से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इन लापरवाहियों पर प्राधिकरण ने कंपनी पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण के मुताबिक, स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए शहर में सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था की लगातार जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।