शिक्षा और रोजगार
टिब्बी नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर पूनम शेखावत निर्विरोध निर्वाचित
टिब्बी नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर पूनम शेखावत निर्विरोध निर्वाचित
टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: नगर पालिका टिब्बी के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को होने वाले मतदान से पहले ही निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई। वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस पार्षद पूनम शेखावत को नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल रेगर ने जानकारी देते हुए बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए सुबह 11 बजे तक कुल दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस प्रत्याशी पूनम शेखावत तथा वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय पार्षद निशा ने अपना नामांकन दाखिल किया था।
निर्धारित समय के दौरान दोनों प्रत्याशियों के बीच सहमति बनने के बाद दोपहर 2 बजे वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय पार्षद निशा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए एक ही प्रत्याशी मैदान में रह गईं।
रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल रेगर ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करते हुए वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस पार्षद पूनम शेखावत को नगर पालिका टिब्बी की उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
पूनम शेखावत के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद समर्थकों एवं पार्षदों ने उन्हें बधाई दी। निर्वाचन को लेकर नगर पालिका क्षेत्र में समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।