समस्याओं के समाधान लेकर उतरे विद्यार्थी, नवाचार से दिखाई तकनीकी प्रतिभा

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के आंतरिक राउंड में 10 टीमों के 60 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए प्रोटोटाइप

Published On

Smart India Hackathon 2026: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के प्रारंभिक चरण के तहत आंतरिक हैकाथॉन का ऑनलाइन आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेते हुए मंत्रालयों, सरकारी विभागों एवं उद्योग जगत की ओर से जारी समस्या-कथनों पर तकनीक आधारित समाधान प्रस्तुत किए।

दिनभर चले आयोजन में 10 टीमों के 60 विद्यार्थियों ने स्मार्ट ऑटोमेशन, कृषि एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छ एवं हरित तकनीक, स्मार्ट शिक्षा, फॉरेंसिक, साइबर फ्रॉड एवं इंटेलिजेंट टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर अपने प्रोटोटाइप और नवाचार विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किए। प्रविष्टियों का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी व्यवहार्यता, विस्तार क्षमता एवं सामाजिक प्रभाव सहित विभिन्न मानकों पर किया गया। आंतरिक राउंड के निर्णायक मंडल में डॉ. सत्येंद्र सिंह, डॉ. कुलवंत सिंह, कुलश्रेष्ठ शर्मा, सुमित कुमार, तथा प्रदीप स्वामी शामिल रहे।

विश्वविद्यालय के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन जैसे मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए तैयार करना है। विद्यार्थियों ने लगन, मेहनत एवं मौलिकता के साथ अपने विचार और प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए, जो सराहनीय हैं।

विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि आज का विद्यार्थी केवल रोजगार प्राप्त करने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बनने की क्षमता रखता है। हैकाथॉन में प्रस्तुत कई प्रोटोटाइप वास्तविक सामाजिक समस्याओं से जुड़े हैं। विश्वविद्यालय ऐसे नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन, मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध करवाएगा। डॉ. कुलवंत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित टीमों को तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

आईक्यूएसी की ओर से कहा गया कि आंतरिक हैकाथॉन जैसे आयोजन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, नवाचार एवं अनुसंधान-उन्मुख वातावरण को मजबूत करते हैं। एसआईएच एसपीओसी विक्रम मंगवाना ने बताया कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में पहली बार स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के आंतरिक राउंड का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय चरण के लिए चयनित टीमों को विशेष मेंटरशिप सत्र, तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रस्तुति प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय चरण में जाएंगी शीर्ष 6 टीमें

निर्णायक मंडल की ओर से चयनित शीर्ष 6 टीमें अब शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल एवं एआईसीटीई की ओर से आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के राष्ट्रीय स्तर के चरण में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन विद्यार्थियों को सरकारी संस्थाओं एवं उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों के समाधान विकसित करने का मंच प्रदान करने वाली प्रमुख राष्ट्रीय नवाचार पहल है। विश्वविद्यालय की एसआईएच समन्वय समिति एवं संकाय सदस्यों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उत्साह, रचनात्मक सोच एवं परिश्रम के लिए बधाई दी।

About The Author

Related Posts