Accident News: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गंभीर घायल
मेडिकल स्टोर की उगाही के लिए जा रहा था युवक, उपचार के बाद पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
Accident News: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। फेफाना थाना क्षेत्र में जसाना-रतनपुरा मार्ग पर तेज गति एवं लापरवाही से चल रही कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के करीब एक सप्ताह बाद युवक की तबीयत में सुधार होने पर उसके पिता ने फेफाना पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में मनफूल (48) पुत्र भूराराम लुहार निवासी वार्ड नंबर 4, दलपतपुरा तहसील नोहर ने बताया कि उसका पुत्र मुकेश कुमार (27) कस्बा नोहर स्थित प्रकाश मेडिकल स्टोर पर मुनीमी का कार्य करता है। रिपोर्ट के अनुसार 14 सितंबर को दोपहर करीब 2.30 बजे मुकेश कुमार मेडिकल स्टोर की उगाही के लिए मोटर साइकिल नंबर आरजे 49 एसडी 8844 से नोहर से रतनपुरा जा रहा था।
इसी दौरान जसाना-रतनपुरा रोड पर सामने से आ रही सफेद रंग की मारुति ऑल्टो कार नंबर एचआर 24 एल 9546 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश कुमार के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर महेश पुत्र दुलाराम निवासी टोपरियां, सुरेंद्र पुत्र नेतराम निवासी टोपरियां सहित आसपास के लोग पहुंचे।
रिपोर्ट के अनुसार कार चालक ने अपना नाम मनीषा पूनिया बताया तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुरा में एएनएम के पद पर कार्यरत होना बताया। घायल मुकेश को सरकारी अस्पताल नोहर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे डॉ. सुनील गोदारा के अस्पताल नोहर में भर्ती करवाया गया। उपचार के बाद 17 सितंबर को उसे अस्पताल से छुट्टी मिली। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक सुभाषचंद्र को सौंपी है। पुलिस हादसे के कारणों एवं वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।