Ayurveda News: आयुर्वेद को जीवनशैली में अपनाकर स्वस्थ समाज का निर्माण संभव
11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर 220 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं व परामर्श का लाभ
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर गुड डे डिफेंस स्कूल, श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ आयुष एवं वाग्भट वेलनेस एंड आयुष रिसर्च सेंटर के तत्वावधान में मंगलवार को उन्नत भारत अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य एवं वेलनेस शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के साथ बाहर से आए लोगों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श का लाभ लिया। शिविर में कुल 220 लोगों ने सहभागिता की।
शिविर के दौरान आमजन को आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली, प्राकृतिक चिकित्सा एवं विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को दैनिक जीवन में अपनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वाग्भट वेलनेस एंड आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि आयुर्वेद भारतीय संस्कृति की समृद्ध चिकित्सा पद्धति है, जो व्यक्ति को केवल बीमारी से मुक्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की दिशा में भी मार्गदर्शन देती है।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली में खान-पान, दिनचर्या, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है। आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों एवं युवाओं को भी भारतीय चिकित्सा पद्धतियों तथा संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है। विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि आयुर्वेद में स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया है।
वर्तमान समय में लोगों को अपनी दिनचर्या एवं खान-पान के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। ऐसे शिविर आमजन को जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। शिविर में डॉ. नवज्योत, डॉ. सुरभि, डॉ. हरीश लखेरा, डॉ. मंगीलाल, डॉ. ज्योति, डॉ. कृष्णकांत, डॉ. प्रियंका जोशी, डॉ. आदित्य, डॉ. युदित्य गोदारा एवं अतुल ने सेवाएं प्रदान कीं। आयुष विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह रावत ने बताया कि 'आयुर्वेद फॉर ए हेल्दियर टुमॉरो' थीम के साथ आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ समाज की दिशा में लोगों को प्रेरित करना था।
योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी किया जागरूक
आयुर्वेद दिवस सप्ताह के अवसर पर तत्त्व मेंटल वेलनेस एंड योगा क्लब की ओर से डॉ. प्रियंका जोशी के नेतृत्व में योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। क्लब के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने आमजन को योग के महत्व, नियमित योगाभ्यास के लाभ तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।