Asian Games 2026: 13 साल की यू जिदी का जलवा, लगातार दूसरा गोल्ड जीतकर बनाया एशियन रिकॉर्ड; वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ 0.40 सेकंड दूर
Asian Games 2026: 13 साल की यू जिदी का जलवा, लगातार दूसरा गोल्ड जीतकर बनाया एशियन रिकॉर्ड; वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ 0.40 सेकंड दूर
Asian Games 2026: 13 साल की उम्र में जब ज्यादातर बच्चे पढ़ाई और खेल-कूद में व्यस्त रहते हैं, वहीं चीन की युवा तैराक यू जिदी ने एशियन गेम्स के पूल में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन जारी रखा है। यू जिदी ने सोमवार को महिलाओं की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत लिया। उन्होंने रेस को 2 मिनट 6.10 सेकंड में पूरा किया और नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड कायम किया। यह एशियन गेम्स में उनका लगातार दूसरा गोल्ड मेडल है।
यू जिदी ने इस प्रदर्शन के साथ अपनी हमवतन यू यिटिंग का पिछला रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। यिटिंग ने 2:06.82 के समय के साथ पिछला एशियन रिकॉर्ड बनाया था। यू जिदी का 2:06.10 का समय अब महिलाओं की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में इतिहास का दूसरा सबसे तेज समय है। उनसे आगे सिर्फ कनाडा की समर मैकिनटोश हैं, जिनके नाम 2:05.70 का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज 0.40 सेकंड पीछे
यू जिदी ने 2:06.10 का समय निकालकर वर्ल्ड रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गईं। उनका समय समर मैकिनटोश के 2:05.70 के वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ 0.40 सेकंड पीछे रहा।
खास बात यह है कि यू जिदी का पिछला व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 2:07.41 था। यानी उन्होंने अपने ही पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में भी जबरदस्त सुधार किया।
एक दिन पहले भी जीता था गोल्ड
यू जिदी ने इससे एक दिन पहले यानी 20 सितंबर को महिलाओं की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में भी गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने इस रेस को 2:05.08 में पूरा किया और वहां भी एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाया था।
इस तरह यू जिदी ने एशियन गेम्स में अपने शुरुआती दो व्यक्तिगत फाइनल में ही दो गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए हैं।
13 साल की उम्र में दुनिया का ध्यान खींचा
यू जिदी का शानदार प्रदर्शन सिर्फ एशियन गेम्स तक सीमित नहीं है। वह पिछले साल महज 12 साल की उम्र में वर्ल्ड स्विमिंग चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की तैराक बनी थीं। उन्होंने चीन की 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
अब 13 साल की उम्र में दो लगातार एशियन गेम्स गोल्ड और रिकॉर्ड प्रदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय तैराकी की सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।
अब अगली चुनौती पर नजर
200 मीटर बटरफ्लाई और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में शानदार प्रदर्शन के बाद यू जिदी की नजर अब आगे की स्पर्धाओं पर है। उनका यह प्रदर्शन चीन के लिए भी अहम है, क्योंकि वह आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय तैराकी में एक प्रमुख युवा नाम के रूप में उभर रही हैं।