जिला कारागृह की मुख्य दीवार के पास मिला संदिग्ध पैकेट, चार मोबाइल फोन बरामद

चार जर्दा पाउच के अंदर छिपाकर रखे थे मोबाइल फोन, मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़) । जिला कारागृह में गश्त के दौरान मुख्य दीवार के पास एक बंद पैकेट मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पैकेट खोलने पर उसमें चार मोबाइल फोन, चार बैटरियां, चार डाटा केबल और चार गणेश छाप जर्दा के पाउच बरामद हुए। जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर जंक्शन थाना पुलिस ने राजस्थान प्रिजन्स एक्ट संशोधन अधिनियम 2015 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल प्रशासन की ओर से प्रहरी ईश्वर सिंह (40) पुत्र भभूत सिंह राजपुरोहित, उम्र 40 वर्ष, निवासी पुरोहितों का मोहल्ला, जाटिया वास पीएस पीपाड़ शहर जिला जोधपुर ने जंक्शन पुलिस थाना में रिपोर्ट पेश की।

रिपोर्ट के अनुसार 21 सितंबर को रात्रि 2 बजे से सुबह 10 बजे तक वार्ड नंबर एक में ड्यूटी पर तैनात प्रहरी रामनारायण वार्ड के बाहर चारों तरफ गश्त कर रहे थे। सुबह करीब 8 बजे वार्ड नंबर एक की पश्चिम दिशा में अंदर मेनवाल के पास उन्हें एक बंद पैकेट मिला। इसकी सूचना उन्होंने रिलीफ इंचार्ज प्रहरी सुखचरण सिंह एवं उपकारापाल राजबाला को दी। इसके बाद कारापाल अधीक्षक राजेश कुमार, उपकारापाल बलजीत गोदारा, अंदर इंचार्ज सुखचरण सिंह एवं प्रहरी रामनारायण की मौजूदगी में पैकेट खोला गया।

तलाशी लेने पर चार गणेश छाप जर्दा पाउच मिले और प्रत्येक जर्दा पैकेट के अंदर एक-एक कचौड़ा कंपनी का मोबाइल फोन छिपाकर रखा हुआ था। इनके साथ चार बैटरियां एवं चार डाटा केबल भी बरामद हुईं। बरामद मोबाइल फोन में एक काले रंग का कचौड़ा कंपनी का फोन, एक हरे रंग का फोन तथा दो सिल्वर रंग के फोन शामिल हैं।

जेल प्रशासन ने बरामद निषिद्ध सामग्री को जब्त कर पुलिस को सौंपते हुए इसके आपराधिक गतिविधियों में उपयोग की संभावना की जांच करवाने की मांग की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया राजस्थान कारागृह अधिनियम की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक इकबाल पठान को सौंपी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल परिसर के अंदर मोबाइल फोन पहुंचाने के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

About The Author

Related Posts