Missing: घर से बिना बताए निकली विवाहिता हुई लापता, मोबाइल फोन भी बंद
पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपहरण के आरोप में दर्ज किया मामला
हनुमानगढ़। संगरिया शहर के वार्ड नंबर 17 निवासी 23 वर्षीय विवाहिता दीपू पत्नी कुलदीप सिंह कुम्हारसिख 20 सितंबर की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पति कुलदीप सिंह ने संगरिया पुलिस थाना में परिवाद सौंपा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में मामला दर्ज कर विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में कुलदीप सिंह (29) पुत्र जसवंत सिंह निवासी वार्ड नंबर 17, संगरिया ने बताया कि उसकी पत्नी दीपू 20 सितंबर को शाम करीब 4 बजे घर से बिना बताए चली गई। परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारी सहित संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला। उसके पास मोबाइल फोन भी था, जो फिलहाल बंद आ रहा है। पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक नौरंगलाल को सौंपी है। पुलिस की ओर से विवाहिता की तलाश की जा रही है।