Hanumangarh Local Body Election Results: हनुमानगढ़ के 8 नगर निकायों में अध्यक्ष चुनाव के नतीजे घोषित, देखें कहाँ, किसका बना बोर्ड

हनुमानगढ़ में निर्दलीय, पीलीबंगा-गोलूवाला-नोहर-भादरा में भाजपा, संगरिया-रावतसर-टिब्बी में कांग्रेस का बोर्ड

Published On

Hanumangarh Local Body Election Results: हनुमानगढ़ ((सच कहूँ न्यूज़))। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी आठ नगर निकायों में अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को निर्धारित स्थलों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुआ। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। परिणाम सामने आने के साथ ही जिले के सभी आठ नगरीय निकायों में बोर्ड की तस्वीर साफ हो गई। जिले में चार जगह भाजपा जबकि तीन जगह कांग्रेस का बोर्ड बना। एक जगह निर्दलीयों का दबदबा रहा।

हनुमानगढ़ नगर परिषद में निर्दलीय, जबकि पीलीबंगा, गोलूवाला, नोहर और भादरा में भाजपा तथा संगरिया, रावतसर और टिब्बी में कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। हनुमानगढ़ नगर परिषद में निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल खेमे से पार्षद चुनी गईं मंजू रणवां सभापति निर्वाचित हुईं। मंजू रणवां को कुल 35 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी विनीता बतरा को 16 और कांग्रेस प्रत्याशी सुशीला खीचड़ को 9 मत प्राप्त हुए। इस तरह मंजू रणवां ने 19 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। जीत का ऐलान होते ही विधायक गणेश राज बंसल खेमे के समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए गुलाल उड़ाकर खुशी जताई।

नोहर में बड़ा उलटफेर, लॉटरी से भाजपा की हाजन खातून टाक बनीं पालिकाध्यक्ष

नोहर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। महज दो पार्षदों वाली भाजपा ने 18 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन के दम पर नगर पालिका में अपना बोर्ड बना लिया। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की हाजन खातून टाक और कांग्रेस के सुमित चाचाण को बराबर 20-20 मत मिले। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकाली गई, जिसमें भाजपा की हाजन खातून टाक के नाम की पर्ची निकलने से उन्हें विजेता घोषित किया गया।

नोहर नगर पालिका के 40 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस के 20, भाजपा के 2 और निर्दलीय 18 पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा अपने दो पार्षदों के साथ सभी 18 निर्दलीय पार्षदों को साधने में सफल रही और कुल 20 मत हासिल कर लिए। दूसरी ओर, 20 पार्षदों के बावजूद कांग्रेस अपने पक्ष में एक भी अतिरिक्त निर्दलीय पार्षद का समर्थन नहीं जुटा सकी। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुमित चाचाण को मिली हार राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गई है। सुमित चाचाण, नोहर से कांग्रेस विधायक अमित चाचाण के भाई हैं। ऐसे में उनके अध्यक्ष पद के चुनाव में हार स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बनी।

रावतसर में कांग्रेस की नीलम हरवीर सहारण बनीं पालिकाध्यक्ष

रावतसर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी की नीलम हरवीर सहारण ने जीत दर्ज की। नीलम सहारण को कुल 30 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार चांद बतरा को 4 मत मिले। मतदान के दौरान एक मत निरस्त घोषित किया गया। रावतसर नगर पालिका के 35 वार्डों में हुए पार्षद चुनाव में भाजपा अपना खाता नहीं खोल पाई थी। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नीलम सहारण ने 30 मत हासिल कर जीत दर्ज की। जिले में सर्वाधिक मतों से जीत की बात की जाए तो नीलम सहारण सर्वाधिक मतों से जीतने वाली प्रत्याशी रहीं। उन्होंने 26 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

गोलूवाला में भाजपा के ताराचंद बावरी एक वोट से विजेता

नवगठित नगर पालिका गोलूवाला में अध्यक्ष पद का चुनाव रोमांचक रहा। भाजपा ने कांग्रेस को महज एक वोट के अंतर से हराया। भाजपा के ताराचंद बावरी अध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किए गए। उन्हें 13 मत मिले, जबकि कांग्रेस के भोलाराम को 12 मत प्राप्त हुए। गोलूवाला नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। पार्षद चुनाव में भाजपा को 11, कांग्रेस को 10 और निर्दलीयों को 4 सीटें मिली थीं। स्पष्ट बहुमत किसी के पास नहीं होने के कारण निर्दलीय पार्षदों के समर्थन ने समीकरण तय किया। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था। ताराचंद बावरी वार्ड 15 से पार्षद चुने गए थे। यह गोलूवाला नगर पालिका का पहला चुनाव था।

पीलीबंगा में भाजपा के अरविंद जोशी बने पालिकाध्यक्ष

पीलीबंगा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अरविंद जोशी ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के पुरुषोत्तम दास सिंगला को 3 मतों के अंतर से हराया। अरविंद जोशी को 19 जबकि पुरुषोत्तम दास सिंगला को 16 मत मिले। पीलीबंगा में कांग्रेस और भाजपा के बीच अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला हुआ। परिणाम में भाजपा प्रत्याशी अरविंद जोशी के विजयी होने के साथ ही नगर पालिका में भाजपा का खाता खुल गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष हनीष ग्रोवर ने परिणाम के बाद कहा कि हम जीत गए।

भादरा में भाजपा के मांगीलाल बने पालिकाध्यक्ष

भादरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के मांगीलाल पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने इंडिया गठबंधन प्रत्याशी नरेंद्र लीडर को 16 मतों के अंतर से हराया। मांगीलाल के पक्ष में 28 वोट पड़े, जबकि नरेंद्र लीडर को 12 मत मिले। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा खेमे में खुशी का माहौल रहा। भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने जनता का आभार जताया।

संगरिया में कांग्रेस की सुमन सोनी बनीं पालिकाध्यक्ष

संगरिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुमन सोनी ने 16 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सुमन सोनी को 25 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रोशनी बेनीवाल को 9 मत प्राप्त हुए। संगरिया में कुल 35 पार्षदों को मतदान करना था, लेकिन वार्ड 12 से भाजपा की राजरानी मतदान करने नहीं पहुंचीं। इसके बाद मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के गृहनगर संगरिया में भाजपा ने मात्र दो ही सीट जीती थी। भाजपा की एक पार्षद राजरानी मतदान करने नहीं पहुंचीं जबकि दूसरे की ओर से कांग्रेस के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की चर्चा रही।

टिब्बी में कांग्रेस के देवीलाल बने पालिकाध्यक्ष

जिले की दूसरी नवगठित नगर पालिका टिब्बी अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी देवीलाल ने जीत दर्ज की। देवीलाल को कुल 12 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी भोला सिंह बाजीगर को 8 मत प्राप्त हुए। इस तरह देवीलाल ने 4 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और टिब्बी नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बना। टिब्बी नगर पालिका में कुल 20 वार्ड हैं।

आठों निकायों में अध्यक्ष पद के परिणाम

  • हनुमानगढ़-निर्दलीय मंजू रणवां
  • पीलीबंगा-भाजपा के अरविंद जोशी
  • गोलूवाला-भाजपा के ताराचंद बावरी
  • नोहर-भाजपा की हाजन खातून टाक
  • भादरा-भाजपा के मांगीलाल
  • संगरिया-कांग्रेस की सुमन सोनी
  • रावतसर-कांग्रेस की नीलम हरवीर सहारण
  • टिब्बी-कांग्रेस के देवीलाल

About The Author

Related Posts