हर वार्ड तक विकास कार्य पहुंचाना  निगम की जिम्मेदारी: महापौर

महापौर बोलीं- विकास ही भाजपा की पहचान, हर वार्ड और हर कोने तक पहुंचेगी विकास की रोशनी

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ /रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ से जुड़े करीब 5 करोड़ 61 लाख रुपये के विकास कार्यों का रविवार को महापौर सुनीता दयाल ने नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद 15वें वित्त आयोग की धनराशि से इन कार्यों को स्वीकृति दी गई है।शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद नीलम भारद्वाज, गौरव सोलंकी, कविता भाटी, एसके भारद्वाज, अशोक आटे वाले, प्रवीण भाटी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नगर निगम के अनुसार वार्ड-77 में नवीन हॉस्पिटल मार्ग, महागुन मॉल के सामने की सड़क तथा यशोदा मार्ग और कलिंग मार्ग के बीच की सड़क का डेंस से सुधार और साइड पटरी पर परफोरेटेड टाइल्स लगाने का कार्य कराया जाएगा। इस पर करीब 1.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे।इसी तरह वैशाली सेक्टर-3 एफ और रचना वैशाली में सड़कों के सुधार तथा साइड पटरी पर परफोरेटेड टाइल्स लगाने के कार्य पर करीब 2.21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं वार्ड-83 के श्याम पार्क एक्सटेंशन में जीटी रोड स्थित निझावन इलेक्ट्रॉनिक से पुलिस चौकी तक क्षतिग्रस्त सड़क का डेंस से सुधार कराया जाएगा।

इस कार्य की लागत करीब 1.60 करोड़ रुपये है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर के हर वार्ड और हर कोने तक विकास कार्य पहुंचाना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में शहरों में सड़क, नाले, फुटपाथ, डिवाइडर, एलईडी लाइट, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। विकास कार्यों से शहरों की तस्वीर बदल रही है और गाजियाबाद भी विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आगे भी इसी तरह विकास कार्यों को गति देता रहेगा।

About The Author

Related Posts