Noida Traffic Advisory: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में इन रूट्स पर जानें से बचें, 'प्रेरणा विमर्श' को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन
20 सितंबर को सुबह 7 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री
Noida Traffic Advisory: ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ/एजेंसी)। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ कार्यक्रम के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। आयोजन के अंतिम दिन 20 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत आसपास के कई मार्गों पर जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक डायवर्जन लागू रह सकता है। इस अवधि में भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दूध, फल, सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों के साथ चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।
चिल्ला और महामाया की ओर से आने वाले वाहनों का रूट
चिल्ला रेड लाइट और महामाया फ्लाईओवर की तरफ से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक या जीरो प्वाइंट जाने वाले वाहनों को डीएनडी फ्लाईओवर से पहले रजनीगंधा की ओर जाने वाले कट से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18, सेक्टर-37 अंडरपास और भंगेल एलिवेटेड मार्ग से होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की तरफ जा सकेंगे। डीएनडी टोल और फिल्मसिटी की ओर से आने वाले यातायात को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की दिशा में भेजा जाएगा। सेक्टर-18 अंडरपास और एलिवेटेड मार्ग के जरिए वाहन आगे अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 की ओर से परीचौक या जीरो प्वाइंट जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात डबल सर्विस रोड, हाजीपुर, सेक्टर-93, एल्डिको चौक और एनएसईजेड तिराहा होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर जा सकेगा। वहीं हाजीपुर और सेक्टर-82 की तरफ से एक्सप्रेसवे के जरिए परीचौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-93 कट से सेक्टर-93/92 की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद फेस-2 और डीएससी मार्ग से आगे जाने की व्यवस्था रहेगी।
परीचौक से नोएडा आने वालों को इन रास्तों से जाना होगा
परीचौक से नोएडा की तरफ आने वाले वाहनों को एक्सप्रेसवे पर जाने के बजाय सूरजपुर तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड मार्ग का इस्तेमाल कर नोएडा पहुंचा जा सकेगा। यमुना एक्सप्रेसवे से जीरो प्वाइंट उतरकर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों को परीचौक की दिशा में भेजा जाएगा। इसके बाद सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड मार्ग से आगे जाने की व्यवस्था होगी।
हिंडन कट तथा सेक्टर-151/152 की तरफ से आने वाले वाहनों को सेक्टर-132 से उतारकर जेनिसिस ग्लोबल स्कूल गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर की ओर भेजा जाएगा। यहां से दाहिने मुड़कर हाजीपुर चौक पहुंचने के बाद विश्वकर्मा मार्ग के जरिए सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी। इसी तरह सेक्टर-168 और सेक्टर-132 की ओर से आने वाला यातायात सेक्टर-128 से उतरकर डबल सर्विस रोड तथा सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए हाजीपुर चौक पहुंच सकेगा। इसके बाद विश्वकर्मा मार्ग से संबंधित सेक्टरों की ओर जाने का विकल्प रहेगा।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी आवाजाही की सुविधा
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान एंबुलेंस, अन्य मेडिकल वाहनों और फायर सर्विस वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता के साथ सुगम बनाया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे के बीच अनावश्यक रूप से एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास जाने से बचें। किसी भी यातायात संबंधी परेशानी में 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में इस बार ‘प्रेरणा विमर्श’ का आयोजन ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ थीम के तहत किया जा रहा है। कार्यक्रम में युवा, महिला सशक्तीकरण, तकनीक, मीडिया और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। आयोजन में करीब 5,000 युवाओं के बैठने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है।