Punjab Blackout Mock Drill: इस तारीख को पंजाब में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, रात 8 बजे बजेगा एयर रेड सायरन
27 नवंबर को पंजाब में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, रात 8 बजे बजेगा एयर रेड सायरन
Punjab Blackout Mock Drill: चंडीगढ़। पंजाब सरकार की ओर से भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत 27 नवंबर को रात 8 बजे पूरे राज्य में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में सिविल डिफेंस की तैयारियों का जायजा लेना और व्यवस्था को और मजबूत करना है।
दो मिनट बजेगा एयर रेड सायरन
मॉक ड्रिल की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सिग्नल से होगी। इस दौरान करीब दो मिनट तक हाई-लो पिच वाला सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद संबंधित डिप्टी कमिश्नर-कम-कंट्रोलर, सिविल डिफेंस की निगरानी में निर्धारित क्षेत्रों में ब्लैकआउट कराया जाएगा।
ब्लैकआउट के दौरान बंद करनी होंगी गैर-जरूरी लाइटें
ब्लैकआउट के दौरान चिन्हित क्षेत्रों में आम लोगों से सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की जाएगी। हालांकि, आवश्यक और जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। मॉक ड्रिल पूरी होने के बाद दो मिनट तक तेज आवाज वाला सायरन बजाया जाएगा। यह सायरन ‘ऑल क्लियर’ का संकेत होगा और इसके साथ ही ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज समाप्त मानी जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इसे वास्तविक आपात स्थिति न समझें और मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासन एवं सिविल डिफेंस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। यह अभ्यास किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को परखने का हिस्सा है।