शिक्षा और रोजगार
Dowry Death Case: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तीन दिन पहले फोन कर जताया था जान का खतरा
मायके वालों का आरोप-सोना, नकदी और कार की मांग को लेकर करते थे परेशान; दहेज हत्या का मुकदमा
Dowry Death Case: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। गांव नवां में शादी के करीब छह माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने विवाहिता के पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या करने का आरोप लगाते हुए महिला पुलिस थाना में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दहेत हत्या के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट में गांव थेहड़ी मोहरसिंह पीएस रानिया जिला सिरसा निवासी सरजीत सिंह (23) पुत्र मंगलसिंह ने बताया कि उसकी बहन आशारानी का विवाह 5 मार्च 2026 को गांव नवां निवासी कुलदीप सिंह पुत्र अवतार सिंह के साथ हुआ था। विवाह के तीन-चार दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसकी बहन को परेशान करने लगे। इस संबंध में कई बार पंचायतें भी हुईं। कुलदीप सिंह, उसके पिता अवतार सिंह, मां प्रकाश कौर तथा भाई सोनू व ज्ञानी मिलकर धन, सोना और कार की मांग करते थे।
मांग पूरी नहीं होने पर आशारानी के साथ मारपीट भी की गई और उसे जान से मारने की कोशिश की गई। 17 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे आशारानी ने अपने भाई को फोन किया था। उसने कहा कि उसे यहां से ले जाओ, ससुराल वाले उसे जान से मारने की कोशिश कर रहे हैं और उसे अपनी जान का खतरा है। आशारानी ने फोन पर यह भी बताया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते हुए कहते थे कि उसके माता-पिता ने विवाह में पर्याप्त सोना और दहेज नहीं दिया।
20 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे अवतार सिंह ने फोन कर बताया कि आशारानी की मृत्यु हो गई है। यह फोन मृतका के पिता मंगलसिंह के पास आया था। इसके बाद मायके पक्ष ने आशंका जताई कि दहेज प्रताड़ना के चलते आशारानी की हत्या की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर पति कुलदीप सिंह, ससुर अवतार सिंह, सास प्रकाश कौर तथा सोनू व ज्ञानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एससीएसटी सेल सीओ करणसिंह को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से प्रकरण में नियमानुसार अनुसंधान किया जा रहा है।