Hanumangarh News: दूध वाहन रोककर तलवारों से किया हमला, 78 हजार रुपए छीने

ओवरटेक करने की बात पर विवाद, परिचालक समेत तीन जनों से मारपीट, वाहन के शीशे भी तोड़े

Published On

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़-गोगामेड़ी रूट पर दूध की सप्लाई कर लौट रहे एक दूध वाहन को सफेद रंग की हूटर लगी कार में सवार 5-6 व्यक्तियों ने रोककर परिचालक, हेल्पर व चालक पर तलवारों से हमला कर दिया। हमले में परिचालक के हाथ पर गहरी चोट लगी, जबकि अन्य दो जनों के भी चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन के शीशे व खिड़कियां तलवार मारकर तोड़ दीं तथा दूध कलेक्शन के 78 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए।

इस संबंध में जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में जंक्शन के वार्ड नंबर 5, आरएचबी कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार (52) पुत्र राममूर्ति ब्राह्मण ने बताया कि उसका दूध वाहन हनुमानगढ़ सरस डेयरी में हनुमानगढ़-गोगामेड़ी रूट पर चलता है। वाहन पर सतपाल पुत्र पप्पूराम परिचालक, रोहित हेल्पर और विजय चालक के रूप में कार्यरत हैं। 18 सितंबर को गोगामेड़ी में दूध की सप्लाई करने के बाद वाहन वापस जंक्शन आ रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर करीब 2 से 2.15 बजे टाउन-जंक्शन रोड पर पुल पार कर जंक्शन की ओर आने के दौरान पीछे से सफेद रंग की हूटर लगी कार आई। कार में 5-6 लोग सवार थे। आरोप है कि उन्होंने अपनी कार दूध वाहन के आगे लगाकर उसे रुकवा लिया और सतपाल, रोहित व विजय को नीचे उतार लिया। ओवरटेक करने की बात को लेकर विवाद होने पर आरोपियों ने तीनों पर तलवारों से हमला कर दिया। हमले में सतपाल के बाएं हाथ पर तलवार लगने से गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। रोहित व विजय के साथ भी मारपीट कर चोटें पहुंचाई।

इसके अलावा हमलावरों ने दूध वाहन के विंडस्क्रीन ग्लास व खिड़कियां तलवार मारकर तोड़ दीं। रिपोर्ट में दूध कलेक्शन के 78 हजार रुपए छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिवादी ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान होने की बात कही है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद को सौंपी है।

About The Author

Related Posts