तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनकर 5 लाख की मदद का झांसा, महिला से 2.60 लाख ठगे

व्हाट्सऐप पर पहले परिवार का हाल पूछा, फिर टैक्स और बैंक खाते में गड़बड़ी के बहाने जमा करवाता रहा रकम

Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद में गांव सूचान कोटली में रहने वाली बिहार मूल की प्रवासी महिला साइबर ठग के जाल में फंस गई। आरोपी ने व्हाट्सऐप कॉल कर खुद को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री विजय थलापति बताया और महिला को पांच लाख रुपये की मदद देने का झांसा दिया। इसके बाद टैक्स और बैंक खाते में गड़बड़ी का बहाना बनाकर महिला से अलग-अलग किस्तों में 2 लाख 60 हजार रुपये ठग लिए।

अब महिला ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला कंचन पत्नी उमेश ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने पहले व्हाट्सऐप पर कॉल कर उसके परिवार और आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उसने कहा कि वह उसकी पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद करना चाहता है। लगातार तीन-चार बार कॉल कर आरोपी ने उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद पांच लाख रुपये की मदद दिलाने के नाम पर पहले 6 हजार रुपये टैक्स के रूप में बताए गए बैंक खाते में जमा करवाए।

कभी 10 तो कभी 50 हजार जमा करवाने को कहा

कंचन के अनुसार इसके बाद आरोपी ने उसके बैंक खाते में गड़बड़ी होने की बात कही और अलग-अलग बहाने बनाकर रकम जमा करवाने लगा। कभी 10 हजार तो कभी 50 हजार रुपये जमा करवाने के लिए कहा गया। पांच लाख रुपये मिलने की उम्मीद में महिला आरोपी के कहने पर रकम देती रही। इस तरह अलग-अलग किस्तों में उसने कुल 2.60 लाख रुपये बताए गए बैंक खातों में जमा करवा दिए। जब आरोपी ने महिला से 13 हजार रुपये और जमा करवाने को कहा तो उसे शक हुआ। इसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जमा पूंजी के साथ ब्याज पर भी रकम उठाई

कंचन मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और पति उमेश के साथ सूचान कोटली में जमींदार के यहां खेती-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। महिला ने बताया कि पांच लाख रुपये की मदद मिलने के झांसे में आकर उसने अपनी पूरी जमा पूंजी आरोपी को दे दी। इतना ही नहीं, कुछ रकम ब्याज पर उठाकर भी उसके बताए बैंक खातों में जमा करवाई। मदद मिलने के बजाय उसकी जमा पूंजी चली गई और अब उधार की रकम चुकाने का बोझ भी उस पर है।

About The Author

Related Posts