Bank Fraud: ड्राइवर ने उड़ाए मालिक के बैंक कार्ड व दस्तावेजों से 15.64 लाख रुपये, गिरफ्तार

तीन खातों से रकम अपने खाते में ट्रांसफर करने का आरोप

Published On

हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने बैंक खातों से धोखाधड़ी कर 15.64 लाख रुपये हड़पने के मामले में पीड़ित के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर 9-11 निवासी सचिन पुत्र नफे सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सेक्टर 9-11 निवासी प्रॉपर्टी डीलर गुलशन कुमार सिंगला के पास सचिन ड्राइवर के रूप में काम करता था। गुलशन कुमार अपनी कार में बैंक संबंधी दस्तावेज, क्रेडिट और डेबिट कार्ड रखते थे। ड्राइवर होने के कारण सचिन की इन दस्तावेजों और कार्डों तक पहुंच थी। आरोप है कि उसने इनका गलत इस्तेमाल कर अलग-अलग खातों से कुल 15 लाख 64 हजार 7 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। 


जांच में सामने आया कि एचडीएफसी बैंक खाते से 11.19 लाख, एसबीआई डेबिट कार्ड से 2 लाख 99 हजार 7 और बंधन बैंक खाते से 75 हजार रुपये निकाले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट व अन्य दस्तावेजों की जांच की और उप निरीक्षक बीर सिंह की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि बैंकिंग फ्रॉड मामलों में वित्तीय लेन-देन की गहनता से जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts