19वीं मंजिल से गिरे दो मजदूर, एक की मौत
हादसे के बाद गुस्साए मजदूरों ने कंपनी अधिकारियों से की मारपीट
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: सेक्टर-113 स्थित निमार्णाधीन बिल्डिंग में शनिवार को काम के दौरान 19वीं मंजिल से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने काम बंद कर कंपनी के अधिकारियों के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों को समझाकर शांत कराया। हादसे में बिहार के कटिहार निवासी 19 वर्षीय दिलखुश की मौके पर मौत हो गई। पश्चिम बंगाल निवासी वासुदेव गंभीर रूप से घायल हुआ है।
दोनों एम3एम बिल्डर के स्मार्टवर्ल्ड प्रोजेक्ट में मजदूरी कर रहे थे। बताया गया कि दोनों 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे और अचानक नीचे गिर गए। वासुदेव बीच के एक फ्लोर पर अटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि ऊंचाई पर काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट और हार्नेस जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे। वहीं कंपनी अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में हादसा पैर फिसलने से होने की बात कही है।
अधिकारियों को दौड़ाकर पीटा
हादसे के बाद गुस्साए मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। अधिकारियों के भागने पर मजदूरों ने डंडों और सेफ्टी हेलमेट से हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि अभी किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस हादसे के समय सुरक्षा इंतजामों और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है।