सरसा में जांच से पहले कच्ची गलियों में बिछा दीं टाइलें
एक्सईएन राकेश पूनिया ने काम को रुकवाया
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: शहर की वर्ष 2023-24 में वैध हुई कॉलोनियों में कराए गए विकास कार्यों की जांच के बीच यूसीएस-7 में अचानक कच्ची गलियों में इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों और पार्षदों का आरोप है कि जांच टीम के पहुंचने से पहले गलियों का काम पूरा करने की कोशिश की जा रही थी। शनिवार सुबह कच्ची गलियों में बिना निर्धारित आधार तैयार किए इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने की तस्वीरें पार्षदों को भेजी गईं। तस्वीरें पार्षदों के ग्रुप में वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा। सूचना मिलते ही एक्सईएन राकेश पूनिया ने काम रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 में शहर की 23 कॉलोनियां वैध हुई थीं। इनमें विकास कार्यों पर करीब 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का मामला सामने आया है। कार्यों की गुणवत्ता, मौके पर निर्माण और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर शिकायतें मिलने के बाद जांच शुरू की गई है। पार्षदों की शिकायत पर अधिकारियों ने यूसीएस-55 और यूसीएस-55ए में मौके पर जाकर गलियों और सड़कों का निरीक्षण किया था। इस दौरान रिकॉर्ड में दर्ज कुछ गलियां मौके पर नहीं मिलने की बात सामने आई थी। अब जांच का अगला चरण यूसीएस-7 में होना है।
मौके और रिकॉर्ड का होगा मिलान
अधिकारियों के अनुसार यूसीएस-7 से जुड़े दस्तावेज जांच टीम को उपलब्ध करवा दिए गए हैं। जांच के दौरान स्वीकृत कार्य और मौके पर हुए निर्माण का मिलान किया जाएगा। इसमें सड़क की लंबाई-चौड़ाई, निर्माण की स्थिति, इस्तेमाल की गई सामग्री, काम की मात्रा और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच होगी। रिकॉर्ड और मौके पर निर्माण में अंतर मिलने पर उसे जांच रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा।
काम शुरू होने पर उठे सवाल
यूसीएस-7 में भाखड़ा मिल के पीछे की गलियों में अचानक निर्माण शुरू होने से सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि काम पहले से स्वीकृत था तो जांच से ठीक पहले इसे शुरू करने की जरूरत क्यों पड़ी। पार्षद राजेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि इन गलियों का भुगतान करीब एक साल पहले ही किया जा चुका है। इसके बावजूद अब बिना रोड़ी-बजरी जैसी आधार परत तैयार किए सीधे इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की जांच को लेकर उपायुक्त की ओर से पत्र जारी हो चुका है। ऐसे में विकास कार्यों और जनता के पैसे के इस्तेमाल की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अधिकारियों ने काम रुकवाया
मामले की जानकारी मिलने पर एक्सईएन राकेश पूनिया ने मौके पर चल रहा काम रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि जब विकास कार्यों की जांच चल रही है, ऐसे समय में इस तरह काम करना उचित नहीं है। सूचना मिलते ही काम बंद करवा दिया गया है।