ज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, परिवार में कोहराम

हरियाणा के बापौली में करता था मजदूरी कार्य, इस्सापुर खुरगान मार्ग पर स्थित श्मशान घाट के निकट हुआ हादसा

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के इस्सापुर खुरगान मार्ग पर स्थित श्मशान घाट के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। युवक हरियाणा के बापौली में राजमिस्त्री के साथ रहकर मजदूरी कार्य करता था। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।

कस्बे के मोहल्ला आलखुर्द निवासी दीपक हरियाणा में राजमिस्त्री के साथ रहकर मजदूरी कार्य करता था। विगत शुक्रवार को वह हरियाणा के बापौली से मजदूरी करके वापस लौटा था। घर पहुंचने से पहले दीपक गांव मलकपुर में अपनी विवाहित बहन के यहां चला गया। रात्रि में वह मलकपुर से वापिस कैराना अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान इस्सापुर खुरगान मार्ग पर स्थित श्मशान घाट के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की सहायता से उसे उपचार के लिए कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।

जहां पर चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल युवक को शामली स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि दीपक की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। वह एक पुत्र और दो पुत्रियां का पिता था। युवक की मौत से पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

About The Author

Related Posts