विधायक नहीं पहुंचे तो लोगों ने खुद कर दिया सड़क का शुभारंभ
विधायक नहीं पहुंचे तो लोगों ने खुद कर दिया सड़क का शुभारंभ
नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। Narnaul News: नारनौल के पुरानी सराय, नई सराय और जमालपुर के बीच सैन चौक पर शनिवार को सड़क निर्माण का शुभारंभ चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश यादव और नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने पर मोहल्लावासियों ने इंतजार करने के बजाय बुजुर्गों से ही सड़क निर्माण का शुभारंभ करा दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सैन चौक के दोनों तरफ की सड़क लंबे समय से जर्जर है। मोहल्लावासियों की मांग पर नगर परिषद करीब 55 लाख रुपये की लागत से जमालपुर से नई सराय स्थित राधा-कृष्ण मंदिर तक सड़क बनवा रही है। शुभारंभ का समय सुबह 10 बजे तय था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन करीब सवा 10 बजे तक विधायक और चेयरपर्सन नहीं पहुंचे। विधायक के पीए ने पार्षद को बताया कि विधायक जरूरी काम से रेवाड़ी और गुरुग्राम गए हैं और शाम चार बजे तक लौटेंगे। इसके बाद लोगों ने शाम तक इंतजार करने के बजाय रिटायर्ड सूबेदार चौधरी हरिराम और शिक्षा बोर्ड से सेवानिवृत्त दुलीचंद शर्मा से सैन महाराज को तिलक लगवाकर नारियल फुड़वाया और काम शुरू कराया।