छोटी सी उम्र में अक्षनूर ने पेश की मानवता की ऐसी मिसाल जिसकी चहुँ ओर हो रही प्रशंसा

अपनी जेब खर्ची से दो परिवारों को एक-एक महीने का राशन देकर छोटी उम्र में बने प्रेरणादायक उदाहरण

Published On

Ration Donation: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। जिस उम्र में बच्चे जन्मदिन पर खिलौने, नए कपड़े और मनपसंद उपहार लेने की इच्छा रखते हैं, उसी उम्र में ब्लॉक कल्याण नगर के प्रीत नगर निवासी 9 वर्षीय अक्षनूर इन्सां ने अपना जन्मदिन जरूरतमंद परिवारों की मदद कर मनाया। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की शिक्षाओं से प्रेरित अक्षनूर ने अपनी जेब खर्ची से जमा किए रुपयों को खुद पर खर्च करने के बजाय दो अति जरूरतमंद परिवारों के लिए एक-एक महीने का राशन खरीदा और उन्हें वितरित किया।

शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के किड्स ऐज वॉरियर सेवादार अक्षनूर ने दोनों परिवारों को आटा, चावल, चीनी, दालें, चायपत्ती, नमक, मिर्च, हल्दी, सर्फ और साबुन सहित रोजमर्रा की जरूरत का सामान दिया। इस दौरान उसकी माता शीला इन्सां, डिम्पल इन्सां और निशु इन्सां सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। अक्षनूर की इस पहल की ब्लॉक कल्याण नगर की ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन लीना इन्सां, प्रीत नगर की प्रेमी सेवक बहन अंकिता इन्सां सहित ब्लॉक व जोन की सच्ची प्रेमी समिति की बहनों ने सराहना की। उन्होंने सेवा भावना के लिए अक्षनूर की पीठ थपथपाई और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन पर खुद के लिए नहीं, जरूरतमंदों के लिए खर्च की जेब खर्ची

परिवार के अनुसार अक्षनूर छोटी उम्र से ही सेवा कार्यों को देखता आया है। इसी से प्रेरित होकर उसने अपने जन्मदिन पर जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की इच्छा जताई। परिवार ने भी उसका उत्साह बढ़ाया और उसकी जेब खर्ची से राशन खरीदकर दोनों परिवारों तक पहुंचाया। जन्मदिन पर अपनी खुशी दूसरों के साथ बांटने के उसके इस प्रयास की परिवार और आसपास के लोगों ने सराहना की।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की ओर से जरूरतमंदों की सहायता और मानवता भलाई के लिए दी जाने वाली प्रेरणा के तहत सेवा कार्य करते हैं। उनका कहना है कि घर के इसी माहौल का असर बच्चों पर भी पड़ रहा है और वे छोटी उम्र से ही जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।

About The Author

Related Posts