शिक्षा और रोजगार
मारपीट व पथराव के मामले में पांच आरोपियों का चालान
मारपीट व पथराव के मामले में पांच आरोपियों का चालान
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर गढ़ी में मंगलवार शाम बच्चों के बीच पतंग उड़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में हुई मारपीट और पथराव के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है।
बताया गया कि मंगलवार शाम गांव रसूलपुर गढ़ी में कुछ बच्चों के बीच पतंग उड़ाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। बच्चों के विवाद के बाद मामला बढ़ गया और जब्बार तथा लियाकत पक्ष के लोगों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच लाठी-डंडों से मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई मारपीट और पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को जब्बार, मन्नवर, शाकिब, गुड्डू और शान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर दिया है इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मारपीट और पथराव के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।