शिक्षा और रोजगार
कार्यकाल पूरा होने तक न हो सफाई कर्मचारी संघ के चुनाव, एसडीएम को सौंपा पत्र
समय पूर्व चुनाव की मांग पर उत्तर-प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने जताई आपत्ति
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: उत्तर-प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ की स्थानीय शाखा में अध्यक्ष पद के चयन को लेकर विवाद सामने आया है। संघ से जुड़े स्थायी एवं संविदा सफाई कर्मचारियों ने एसडीएम कैराना को पत्र देकर वर्तमान अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने तक चुनाव न कराए जाने की मांग की है। बुधवार को एसडीएम शिवाजी यादव को दिए गए पत्र में बताया गया कि उत्तर-प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ कैराना के अध्यक्ष पद का चयन 10 जून 2025 को किया गया था, जिसका कार्यकाल दो वर्ष निर्धारित है।
पत्र में कहा गया है कि वर्तमान अध्यक्ष का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ है, जबकि कुछ संविदा कर्मचारी अध्यक्ष पद के लिए दोबारा चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। स्थायी एवं संविदा सफाई कर्मचारियों का एक पक्ष फिलहाल चुनाव नहीं चाहता है। इसलिए वर्तमान अध्यक्ष को निर्धारित कार्यकाल तक पद पर कार्य करते रहने दिया जाए। एसडीएम से वर्तमान अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने तक व्यवस्था यथावत रखने की मांग की गई है। पत्र पर संघ से जुड़े विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर अंकित है। वहीं, एसडीएम कैराना ने बताया कि कुछ सफाईकर्मी पत्र लेकर उनके पास आये थे, जिसे अग्रिम कार्यवाही हेतु नपा प्रशासन को भेज दिया गया है।