अब मांगपत्र नहीं, आर-पार की लड़ाई: नई बस्ती के 672 मतदाताओं ने खोला मोर्चा

2017 से पंचायत की मांग, 15 सदस्यीय कमेटी गठित; समाधान नहीं हुआ तो मुख्य रास्ते पर धरने की चेतावनी

Published On

जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: जाखल की नई बस्ती के 672 मतदाताओं ने पंचायत व्यवस्था में शामिल किए जाने अथवा अलग ग्राम पंचायत बनाने की मांग को लेकर अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी है। बस्तीवासियों का कहना है कि वे वर्ष 2017 से अपनी प्रशासनिक पहचान और पंचायत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के समक्ष मांग रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

बैठक में लिया आंदोलन का फैसला

नई बस्ती में हुई बैठक में लोगों ने कहा कि अब केवल मांगपत्र देने से काम नहीं चलेगा। प्रशासन की ओर से जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को सड़क तक ले जाने का निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।

बैठक में जाखल मंडी के मुख्य रास्ते, अंडरब्रिज के पास गुरुद्वारा बस्ती मार्ग पर धरना देने का प्रस्ताव भी रखा गया। बस्तीवासियों ने कहा कि यदि उन्हें आंदोलन के लिए सड़क पर उतरना पड़ा तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्राम पंचायत में शामिल करने या अलग पंचायत की मांग

बस्तीवासियों की मांग है कि नई बस्ती के 672 मतदाताओं को ग्राम पंचायत जाखल गांव में शामिल किया जाए अथवा अलग ग्राम पंचायत का दर्जा दिया जाए। उनका कहना है कि कई वर्षों से अधिकारियों को मांगपत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन समाधान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी रोष

बैठक में लोगों ने गलियों में अंधेरा, सफाई व्यवस्था और गलियों की स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि प्रशासनिक स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस्तीवासियों ने कहा कि वे समाधान के लिए बातचीत के पक्ष में हैं, लेकिन अब केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “हमें अब कागज नहीं, अधिकार चाहिए।”

15 सदस्यीय कमेटी गठित

आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने के लिए गठित कमेटी में जगसीर सिंह, हरिचंद गर्ग, पिंटू, विष्णु शर्मा, बिराराम, जरनैल सिंह शालू, रामगोपाल, जन्टा सिंह, उजागर सिंह, सुखपाल शर्मा, विक्की सिंह, पूर्व पार्षद विक्रमजीत सिंह, बिहारी सिंह, सतीश शर्मा और अजय सिंह को शामिल किया गया है। कमेटी प्रशासन से बातचीत के साथ आगे की रणनीति तय करेगी।

About The Author

Related Posts