शिक्षा और रोजगार
अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह पर कैराना पुलिस का प्रहार, तीन गिरफ्तार, 14 बाइकें बरामद
अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह पर कैराना पुलिस का प्रहार, तीन गिरफ्तार, 14 बाइकें बरामद
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Theft News: कैराना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 14 बाइकें व दो अवैध चाकू व छुरी बरामद हुई है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को चालान करके मुजफ्फरनगर जिला कारागार के लिए रवाना कर दिया है। बुधवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार कैराना पुलिस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में चोरी की घटनाओं में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चेकिंग अभियान चलाए हुए थी।
इसी दौरान पुलिस ने बराला-भूरा रजबाहे पर स्थित जगनपुर पुलिया पर एक बाइक पर सवार होकर आए शाहरुख निवासी ग्राम राणा माजरा थाना सनौली खुर्द जिला पानीपत(हरियाणा) व असलम उर्फ भूरा निवासी मोहल्ला गुलशन नगर कस्बा कैराना को रोककर जांच-पड़ताल की, जिनके कब्जे से विगत 11 सितंबर को कैराना के मोहल्ला आलदरम्यान इकबालपुरा से घर के बाहर से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई।इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अन्य बाइकें भी चोरी करना स्वीकार किया। पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भूरा-बराला रजबाहे की पटरी पर बन्द पडी पटाखा फैक्ट्री से बरामद की।
पुलिस ने पटाखा फैक्ट्री से एक अन्य आरोपी रवि निवासी मोहल्ला गुलशननगर कस्बा कैराना को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी शातिर किस्म के अंतर्राज्यीय वाहन चोर है, जिनसे बरामद मोटरसाईकिलें जनपद गाजियाबाद, शामली व हरियाणा के पानीपत से चोरी होना पाई गई है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया है, जबकि घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बरामद बाइकें गाजियाबाद, बागपत, शामली व हरियाणा के पानीपत से चुराई गई
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शाहरूख, असलम व रवि शातिर किस्म के वाहन चोर है। उन्होंने योजना बनाकर हरियाणा के पानीपत, गाजियाबाद, बागपत, शामली आदि विभिन्न स्थानों पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी पानीपत से चोरी की गई बाइकों को उत्तर-प्रदेश में तथा यूपी से चोरी मोटरसाइकिलों को हरियाणा में बेच देते थे तथा बाइक बिक्री से प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने करीब 10-12 दिन पूर्व कैराना से चोरी की गई बाइक तथा अन्य बाइकों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था।
आरोपियों के द्वारा बरामद बाइकों को बेचने के उद्देश्य से भूरा-बराला रजबाहे पर जगनपुर पुलिया के पास बंद पड़ी पटाखा फैक्ट्री के खंडहर में एकत्रित किया था। बाइकों को बेचने से पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एक आरोपी रिजवान फरार बताया गया है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु प्रयास किये जा रहे है। पकड़े गए तीनों आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके है।