दो दिन में दर्जनभर क्लीनिकों पर छापेमारी, संचालकों को नोटिस

नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग टीम के साथ चलाया चेकिंग अभियान, यूनानी पंजीकरण वाले क्लीनिक पर करीब 95 प्रतिशत एलोपैथिक दवाएं मिलने का दावा

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर एवं क्षेत्र में संचालित निजी क्लीनिकों की जांच के लिए अभियान चलाया है। नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने विभागीय टीम के साथ पिछले दो दिनों में दर्जनभर क्लीनिकों पर छापेमारी की है। इस दौरान पंजीकरण, दस्तावेज और चिकित्सकीय अभिलेखों की गहन जांच-पड़ताल की गई। कमियां मिलने पर संबंधित क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। छापेमारी के दौरान टीम ने चिकित्सकों एवं संचालकों के पंजीकरण, उपलब्ध दवाओं, चिकित्सकीय दस्तावेजों और क्लीनिकों पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई।

विभागीय टीम के द्वारा कस्बे के एक चिकित्सक के यहां जांच की गई, जिसका पंजीकरण यूनानी चिकित्सा पद्धति में पाया गया, जबकि क्लीनिक पर मौजूद दवाओं में करीब 95 प्रतिशत एलोपैथिक दवाएं मिलने की बात सामने आई। क्लीनिक में दो-तीन बेड भी लगे पाए गए। इसके अलावा, टीम को जांच के दौरान बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित आवश्यक उपकरण एवं व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। इन कमियों को लेकर चिकित्सक को नोटिस जारी किया गया है।

उधर, स्वास्थ्य विभाग की दो दिवसीय कार्रवाई के बीच नगर में यह चर्चा भी है कि कुछ क्लीनिकों पर जांच के दौरान खामियां सामने आने के बावजूद उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें राहत प्रदान की गई है। हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से ऐसी किसी कथित रियायत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी के अनुसार जांच में जिन क्लीनिकों पर कमियां मिली हैं, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित संचालकों से जवाब एवं आवश्यक अभिलेख प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

About The Author

Related Posts