शिक्षा और रोजगार
Car Fire: इंजन से धुआं उठते ही कार से कूदे चार लोग, कुछ ही सेकंड में बनी आग का गोला
इंजन से धुआं उठते ही कार से कूदे चार लोग, कुछ ही सेकंड में बनी आग का गोला
फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Fatehabad News: राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिसार रोड स्थित धांगड़ पुल के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं उठता देख कार सवार चार लोगों ने समय रहते वाहन को सड़क किनारे रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, विष्णु बिश्नोई अपने तीन अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर सिरसा से हिसार की ओर जा रहे थे। धांगड़ पुल के पास पहुंचते ही अचानक कार के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को किनारे रोका और चारों लोग बाहर निकल गए।
उनके कार से बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। गनीमत रही कि चारों कार सवार समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।