मीरापुर में बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी, छह किशोर श्रमिक मुक्त

मीरापुर में बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी, छह किशोर श्रमिक मुक्त

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: प्रदेश सरकार के बाल श्रम मुक्त अभियान के तहत बुधवार को श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने मीरापुर के मुख्य बाजार में कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान छह किशोर श्रमिकों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी दर्ज करते हुए नोटिस जारी किए गए।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के निर्देश तथा सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह के निर्देशन में अभियान चलाया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी विंध्याचल शुक्ला के नेतृत्व में थाना मानव तस्करी विरोधी इकाई के प्रभारी सत्येंद्र नगर, सब इंस्पेक्टर जगत सिंह, राम अवतार, गौरव मलिक तथा ग्रामीण समाज विकास केंद्र के गजेंद्र सिंह की संयुक्त टीम ने मदान चौक और पड़ाव चौक क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

टीम ने मीरापुर क्षेत्र में दो फर्नीचर दुकानों और चार कपड़े की दुकानों की जांच की। इस दौरान वहां कार्यरत छह किशोर श्रमिकों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। टीम ने बाल श्रम कराने वाले प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी देते हुए आवश्यक नोटिस भी जारी किए।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी विंध्याचल शुक्ला ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह ने लोगों से अपील की कि कहीं भी बाल श्रम होता दिखाई दे तो इसकी सूचना बाल हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें।

About The Author

Related Posts